मौसम चाहे कितनी भी सर्द क्यों न हो, किसान आंदोलन की रफ्तार धीमी होती नहीं दिख रही है। केंद्र सरकार की ओर से किसानों को समझाने की तमाम कोशिशों के बावजूद किसान रविवार के पूर्व घोषित आयोजन के लिए तैयार दिख रहे हैं। दिल्ली में आंदोलन का हिस्सा बने किसान अपने गांव संदेश भेजकर लोगों से अपील कर रहे हैं कि वह आंदोलन में जान गवांने वाले किसानों की याद में श्रद्धांजलि सभाएं रखें। संयुक्त किसान मोर्चा ने भी इसके लिए एक पोस्टर जारी किया है। इसमें उन किसानों की तस्वीरें हैं, जिनकी आंदोलन के दौरान मौत हो गई है।
रविवार के आयोजन के लिए तैयार हो रहे किसान, अपने-अपने गांव भेज रहे यह संदेश
घोड़ों के साथ डटे हैं निहंग सिख
सिंघु बॉर्डर पर पूरे दिन गुरबाणी और अरदास के साथ कीर्तन का सिलसिला जारी रहा। स्टेज से अपने संबोधन में किसान नेता लगातार केंद्र के रवैये के खिलाफ अपनी आवाजें बुलंद करते रहे तो दूसरी तरफ निहंग सिख भी अपने घोड़े और अस्त्र शस्त्रों के साथ सीमा पर डटे रहे।
अलाव जलाने के लिए इकट्ठा की गई लकड़ियां
आंदोलन स्थल पर जगह-जगह पोस्टरों के जरिए अलग-अलग संगठनों की तरफ से कृषि कानूनों पर विरोध जताया गया। रात के वक्त सर्दी से बचने के लिए जगह जगह लकड़ियां इकट्ठा की गई हैं ताकि उसे अलाव के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।
सर्दियों के कपड़ों से सजी है सड़क
बढ़ती सर्दी के बीच सिंघु बॉर्डर पर सबसे अधिक गर्म कपड़ों की बिक्री हो रही है। जैकेट, हाफ जैकेट, स्वेटर और कंबल के अलावा रजाई बनाने वालों को भी धड़ाधड़ ऑर्डर मिल रहे हैं।
किसानों के रजाई के रेट में डिस्काउंट
रजाई विक्रेता असलम ने बताया कि सर्दी इतनी बढ़ गई है कि रात के वक्त कंबल के बावजूद किसानों को भीषण सर्दी से जूझना पड़ रहा है। लेकिन पक्के इरादे के साथ बॉर्डर पर पहुंचे किसान हटने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। बचाव के लिए रजाई बनवाने के ऑर्डर भी खूब आ रहे हैं। रोजाना 10-15 रजाईयां तैयार कर रहे हैं ताकि किसी को परेशानी न आए। आगे कुछ और दुकानें हैं, जहां से किसानों की जरूरतें पूरी हो रही हैं। किसानों को दिक्कत न आए इसलिए उनके लिए रेट 50 रुपये कम कर दिए हैं।
महिलाएं भी किसानों को करती रहीं संबोधित
सिंघु बॉर्डर पर शुक्रवार को महिलाएं भी पूरे दिन किसानों को संबोधित करती रहीं। पंजाब के अलग अलग हिस्सों से पहुंची महिलाएं भी किसानों से यही अपील करती रहीं कि मांगे पूरी होने तक यहीं डटे रहने की सभी तैयारी रखें। कोई भी बगैर मांगे पूरी हुए घर लौटने के लिए तैयार नहीं है।