इन दिनों सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उनसे उनकी हाल में हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा के बारे में कोई कहानी कोई संस्मरण सुनाने के लिए कहा गया। इस पर उनका जो उत्तर रहा उसी की वजह से राहुल का ये वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि यह वायरल वीडियो कितना सच है और कितना झूठ यह आप हमारी इस स्टोरी में पढ़ सकते हैं।
बता दें कि बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए एक वीडियो डाला है। मालवीय का दावा है कि राहुल गांधी अपनी मानसरोवर यात्रा के बारे में पूछे गए सवाल पर कुछ नहीं बोल सके। राहुल उसका सही से जवाब नहीं दे सके। अमित के साथ ही पोस्टकार्ड वेबसाइट के विक्रम हेगड़े ने भी ये वीडियो ट्वीट कर लिखा है, 'राहुल अपना मुंह तक नहीं खोल सके जब उनसे कैलाश मानसरोवर यात्रा के बारे में पूछा गया।'
जब हमने इस वीडियो की पड़ताल की तो पता चला कि राहुल का मजाक बनाने के लिए एक लंबे वीडियो का छोटा सा अंश उठाया गया है। दरअसल जो वीडियो वायरल हो रहा है वह 17 सितंबर को भोपाल में हुए राहुल गांधी के एक कार्यक्रम का है। इसमें वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नजर आ रहे हैं।
अगर कोई ये वीडियो पूरा देखे तो राहुल एक छोटी सी खामोशी के बाद अपना मानसरोवर यात्रा के संस्मरण बांटते देखे जा सकते हैं। हालांकि ये सच है कि उनकी जुबान जरूर लड़खड़ाई थी। वह वीडियो में कंफ्यूज दिखाई देते हैं और यह पूरी तरह से संभव है कि इसकी वजह पीछे से आ रहा तेज बैकग्राउंड म्यूजिक रहा होगा।
इस कार्यक्रम का पूरा वीडियो राहुल के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है। इस वीडियो में उन्होंने संक्षेप में बताया, 'जो कैलाश पर्वत है और जो मानसरोवर है अगर व्यक्ति वहां चला जाता है तो एक प्रकार से वापस आने पर सबकुछ बदल जाता है। सोच बदल जाती है और एक गहराई सी आ जाती है।'