अग्निपथ योजना के विरोध को लेकर देशभर के स्टेशनों पर हाई अलर्ट कर दिया गया है। प्रवेश के पहले गहन जांच और सादी वर्दी में प्रशासन की तैनाती की गई है। दिल्ली के सभी स्टेशनों पर प्रशासन की तरफ से सुबह के वक्त फ्लैग मार्च भी किया गया और प्लेटफार्म पर हर व्यक्ति की सीसीटीवी से मॉनीटरिंग की जा रही है ताकि किसी तरह का विरोध, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाई जा सके।
Agneepath Scheme: योजना के विरोध को देखते हुए स्टेशनों पर हाई अलर्ट, 210 मेल व 159 पैसेंजर ट्रेन निरस्त
आम नागरिकों की बढ़ी परेशानी
देशभर में अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे उग्र प्रदर्शन ने रेलवे की समय सारणी भी बिगाड़ दी है। विभिन्न रूट की लगातार ट्रेनें निरस्त की जा रही है। इससे यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। ट्रेनों के निरस्त होने से लगातार टिकट निरस्त हो रहे है और रेलवे को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। आगजनी और हिंसा की घटना को देखते हुई कई लोग खुद भी अपना टिकट निरस्त कर रहे है। छुट्टियों पर सैर-सपाटा करने के लिए टिकट आरक्षित कराए लोग भी टिकट रद्द करा रहे है।
अग्निपथ योजना के विरोध का सामना सबसे अधिक रेलवे को करना पड़ रहा है। ट्रेनें लगातार निरस्त की जा रही है। शनिवार को डेढ़ दर्जन से अधिक दिल्ली से संचालित होने वाली ट्रेन निरस्त रही। इनमें मुख्य रूप मसे ट्रेन संख्या (12274, 12304) नई दिल्ली-हावड़ा, आनंद विहार-भागलपुर, नई दिल्ली-राजेंद्र नगर (12310, 12394), नई दिल्ली-गया, आनंद विहार-जोगबनी, आनंद विहार-कामाख्या, नई दिल्ली-सहरसा (02564, 12554), नई दिल्ली-दरभंगा, आनंद विहार-पुरी, आनंद विहार-रांची, दिल्ली-मालदा टाऊन, दिल्ली-अलीपुरद्वार, नई दिल्ली-इस्लामपुर, नई दिल्ली-दरभंगा (02570) ट्रेन निरस्त कर दी गई। दरअसल बंगाल, बिहार और यूपी से शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन के कारण इनमें कई ट्रेन निरस्त कर दी गई थी। लिहाजा वापसी दिशा के लिए भी निरस्त कर दी गई है। ऐसे में स्टेशनों पर यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
स्टेशन पर लगा यात्रियों का जमावड़ा
जगह-जगह रेलवे पर उग्र प्रदर्शन की वजह से ट्रेन निरस्त है तो यात्री भी स्टेशनों पर परेशान है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आलम यह है कि दो सौ से ज्यादा मजदूर शुक्रवार सुबह से ही परेशानी है। पूर्वांचल जाने वाली ट्रेन निरस्त होने की वजह से उनका रैन बसेरा प्लेटफार्म ही बना हुआ है।
ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। नई दिल्ली समेत अन्य स्टेशन पर कई यात्रियों का जमावड़ा है। नई दिल्ली स्टेशन पर तो बड़ी संख्या में मजदूर परेशान हो रहे है। बिहार के पटना, दरभंगा, मोतीहारी जाने के लिए शुक्रवार को ही पहुंचे ये मजदूर स्टेशन पर ही रात गुजारने को मजबूर है। गर्मी की वजह से उनके बच्चे भी परेशान हो रहे है। यात्रियों का कहना था कि रेल प्रशासन की तरफ से किसी तरह की सुविधा नहीं मिल रही है और ना ही यह पता चल रहा है कि बिहार के लिए कब ट्रेन रवाना होगी।
. कुल प्रभावित ट्रेन-371
. निरस्त ट्रेनों की संख्या 210 मेल व 159 पैसेंजर ट्रेन।
. आंशिक रूप से निरस्त ट्रेन-2
. परिवर्तित मार्ग से ट्रेन नहीं चलाई गई।
रेलयात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली जंक्शन-शामली व नजीबाबाद-गजरौला के बीच दैनिक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलान का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 01617 दिल्ली जंक्शन-शामली दैनिक अनारक्षित स्पेशल 20 जून से प्रतिदिन चलेगी। दिल्ली जंक्शन से यह ट्रेन सुबह 9:10 बजे चलेगी व पूर्वाह्न 11:55 बजे शामली पहुंचेगी। वापसी दिशा में 01618 शामली-दिल्ली जंक्शन दैनिक अनारक्षित स्पेशल 20 जून से दोपहर 2:20 बजे चलकर शाम 5:20 बजे दिल्ली जंक्शन पहुचेगी। मार्ग में दिल्ली शाहदरा, गोकलपुर सबोली हॉल्ट, नोली, खेकड़ा, बागपत रोड, बडौत, कासिमपुर खेडी तथा कांधला स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 04385/04386 नजीबाबाद-गजरौला-नजीबाबाद के बीच चलेगी। नजीबाबाद-गजरौला 20 जून से शाम 5:05 बजे चलकर रात 9 बजे गजरौला पहुंचेगी। वापसी दिशा में 04385 नजीबाबाद-गजरौला 21 जून से गजरौला स्टेशन से सुबह 7:50 बजे चलकर उसी दिन दोपहर 12:05 बजे नजीबाबाद पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन फजलपुर, मुज्जमपुर नारायण, बस्सी, कीरतपुर, सुअहेरी, बिजनौर, हलदौरा, अमहेरा, सिसौना, चांदपुर सियाऊ, भागदरा, बकैना हॉल्ट, चुचेला कलां हाल्ट व मंडी धनौरा स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।