पुलिस के खिलाफ अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो रही या पुलिस को शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही। ऐसे मामलों में थानों के चक्कर काटने से बेहतर है कि यूपी पुलिस की ऑनलाइन सेवाओं का प्रयोग किया जाए। जानिए क्या है ऑनलाइन शिकायत करने की पूरी विधि व यूपी के बड़े पुलिस अधिकारियों के मेल आईडी व महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर्स...
दर्ज करानी है शिकायत तो नहीं लगाने होंगे थाने के चक्कर, ऐसे करेंगे रिपोर्ट तो होगी जल्द कार्रवाई
यूपी पुलिस की ऑनलाइन सेवाएं न केवल कारगर हैं, बल्कि उच्चाधिकारियों की सीधी नजर होनेे से इनमें कार्रवाई भी तेजी से होती है। यूपी पुलिस की ऑनलाइन सेवाएं कई वर्षों से चल रही हैं। बावजूद नोएडा जैसे हाईटेक शहर में भी इनका इस्तेमाल करने वालों की संख्या बहुत कम है।
हालांकि, यूपी पुलिस व नोएडा पुलिस की ट्विटर सेवा का लोग जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। करीब डेढ़ माह पूर्व सिटी सेंटर से महिला का मोबाइल लूटने की घटना में थाना सेक्टर-39 पुलिस ने गुमशुदगी में शिकायत लिखवा ली थी। बाद में उसके पति ने यूपी पुलिस और नोएडा पुलिस के ट्विटर हैंडल पर इसकी शिकायत की तो पीड़ित दंपति की शिकायत लूट की धाराओं में दर्ज की गई। कई और मामले में जिसमें पुलिस ने पहले रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया और ट्विटर पर शिकायत के बाद पुलिस ने पीड़ित को बुलाकर उसकी रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस के महत्वपूर्ण हेल्पलाइन, ट्विटर हैंडल और ईमेल आईडी
महिला हेल्प लाइन (कॉल व एसएमएस) - 1090
चाइल्ड हेल्प लाइन - 1098
व्हॉट्स एप - 9454401090
फेसबुक - 1090 पेज सर्च करें
ट्वीटर - @1090wpl, @uppolice, @noidapolice
मोबाइल एप - Shakti1090
ईमेल - wpl1090@gmail.com
ऑनलाइन - www.1090up.in
नोएडा पुलिस कंट्रोल रूम - 100, 8800199955
अन्य शिकायतों के लिए ईमेल : complaintcell@noidapolice.com
साइबर सेल : cybercrimecell@noidapolice.com
आईजी/एडीजी मेरठ जोन : igzonemrt@nic.in
डीआईजी/आईजी मेरठ रेंज : digrmrt@nic.in
एसएसपी की ईमेल आईडी : sspgbn-up@nic.in
(नोएडा पुलिस की वेबसाइट www.noidapolice.com से जिले में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों के मोबाइल नंबर प्राप्त कर सकते हैं।)
ऑनलाइन एफआईआर के लिए uppolice.gov.in या cctnsup.gov.in पर जाकर पहले अपना यूजर लॉगइन और पासवर्ड बनाएं। फिर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ई-एफआईआर कराने से पहले आपको इन चीजों का ध्यान रखना होगा :-
- ऑनलाइन शिकायत एवं गैर नामजद/अज्ञात मामलों में ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराने हेतु उत्तर प्रदेश पुलिस की नागरिक सेवाओं में शिकायत सुविधा द्वारा अपनी शिकायत दर्ज करें।
- ऑनलाइन एफआईआर केवल गैर नामजद/अज्ञात मामलों में ही पंजीकृत की जाएगी एवं अन्य मामलों में जाँच के उपरांत यदि आवश्यक हुआ तो एफआईआर/एनसीआर, सम्बंधित थानेदार द्वारा पंजीकृत कर ली जाएगी।
- ऑनलाइन एफआईआर पंजीकृत कराने के लिए सम्बंधित थाना प्रभारी को सम्बोधित करते हुए स्व हस्ताक्षरित आवेदन पत्र व अपने एक पहचान पत्र की प्रति अपलोड करना अनिवार्य है।