जामिया मिल्लिया इस्लामिया का मार्केट में अब जेएमआई जल के नाम से बोतलबंद पानी भी बिकेगा। इसके शुरुआत होने की कहानी बेहद दिलचस्प है।
विश्वविद्यालय स्कूल ड्रॉपआउट छात्रों को हुनरमंद बना रहा है। कैंपस में ऐेसे ही ग्रुप ने लाइव हुड बिजनेस इनक्यूबेटर के तहत बेकरी एंड कैफे आउटलेट खोला है, जो कि प्रोडक्ट बनाकर बेचेंगे। खास बात यह है कि विश्वविद्यालय विभिन्न एरिया में आठ हफ्ते का शार्ट टर्म कोर्स करने का मौका दे रहा है, ताकि छात्र बिना शैक्षिक योग्यता सिर्फ ट्रेनिंग के बाद अपना रोजगार शुरू कर सकें।
कुलपति प्रो. तलत अहमद के मुताबिक, सेंटर फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप के तहत लाइव हुड बिजनेस इनक्यूबेटर में छात्रों को ट्रेनिंग दी जा रही है। कई छात्र बीच में ही स्कूल की पढ़ाई छोड़ देते हैं।
ऐसे छात्रों के पास स्कूली सर्टिफिकेट न होने के चलते आगे कोई काम नहीं पाते हैं, लेकिन अब उन्हें शार्ट टर्म कोर्स के माध्यम से रोजगार शुरू करने की कला सिखाई जा रही है। आठ हफ्तों के इन कोर्स के लिए छात्र को तीन हजार रुपये फीस देनी होगी।
ऐसे ही छात्रों ने बोतल बंद जेएमआई जल और बेकरी प्रोडक्ट बनाने सीखे हैं। ऐसे छात्रों को कैंपस से बेहतर प्लेसमेंट मंच मिलेगा। स्कूल ड्रॉपआउट छात्र टेलरिंग, बोतल बंद अन्य प्रोडक्ट, डिस्पोजेबल पेपर, कंप्यूटर हार्डवेयर व नेटवर्किंग, ब्यूटीशियन, डिजिटल प्रिंटिंग आदि की ट्रेनिंग ले सकते हैं। ऐसे छात्रों को रोजगार से जोड़ने के लिए जामिया के साथ मिनिस्ट्री ऑफ माइक्रो स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज सहयोग कर रहा है।