बादशाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत टयूलिप टावर के पास नाले के लिए खोदे गए 10 फुट गहरे गड्ढे में बृहस्पतिवार देर रात एक सुरक्षाकर्मी गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। अंधेरे के कारण उसे कोई देख नहीं सका।
शुक्रवार सुबह लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। वह रात भर गड्ढे में ही पड़े रहे। वह देर रात अपनी ड्यूटी खत्म करके घर जा रहे थे। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से पंचेनिया बिहार निवासी 52 वर्षीय शंभूनाथ भारती फाजिलपुर में किराए पर रहते थे। वह सेंटीनेंटल सिक्योरिटी में बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात थे। बृहस्पतिवार रात को वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। जब वह ट्यूलिप टॉवर के पास पहुंचे तो यहां अंधेरा होने के कारण चौक के पास खुदे गड्ढे को देख नहीं पाए और साइकिल सहित गड्ढे में जा गिरे।
अंधेरा होने के कारण उन्हें भी कोई नहीं देख सका। वह रात भर गड्ढे में ही पड़े रहे। शुक्रवार सुबह जब लोग यहां से गुजर रहे थे तो लोगों ने किसी के गड्ढे में गिरे होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बादशाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रसाद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।