शुक्रवार को दिल्ली के लवकुश रामलीला कमेटी में सीता विवाह का मंचन हुआ जहां केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने राजा जनक का किरदार निभाया। उन्हें राजा जनक के रूप में देखकर जहां जनता बेहद खुश थी वहीं खुद डॉ. हर्षवर्धन अपने आप को देखकर हैरान थे। इस मौके पर उन्होंने कई ट्वीट्स कर अपनी भावनाएं भी व्यक्त कीं। तस्वीरों में देखें पूरा मंचन...
अपने किरदार को लेकर डॉक्टर हर्षवर्धन ने ट्वीट किया, 'शुक्रवार को दिल्ली के लवकुश रामलीला कमेटी में माता सीता के पिता राजा जनक की भूमिका निभाने का सौभाग्य मिला। मेरा बचपन लालकिला व चांदनी चौक की रामलीलाओं को देखते हुए बीता है, लेकिन रामलीला मंचन का यह अनुभव मुझे ताउम्र याद रहने के साथ-साथ हमेशा रोमांचिक करेगा।
उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा, राजा जनक के रूप में अपना किरदार देखकर मुझे आश्चर्य हुआ। यह शायद मर्यादा पुरुषोतम श्रीराम और माता सीता के आशीर्वाद का ही परिणाम है कि मैं इस भूमिका को लोगों की आकांक्षाओं के मुताबिक निभा पाया।
वो बोले, 'भगवान श्रीराम ने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीने की प्रेरणा दी है। मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में उनका जीवन हम सभी को त्याग और मर्यादाओं के पालन की सीख देता है। रामलीला में राजा जनक का किरदार निभाकर भारत की गौरवशाली परंपरा और संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिला।'
'भगवान श्रीराम हम सब के रोम-रोम में बसते हैं। श्रीराम इस देश के प्राण हैं। वो इस देश की आत्मा हैं। हमने अपने जीवन में यह हमेशा महसूस किया है, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर आज मैंने भगवान श्रीराम को जितना नजदीक पाया वो मेरे लिए जीवन की बहुत बड़ी उपलब्धि है।'