पांच लोगों की मौत मामले में सबसे अधिक चर्चा संजना पर छिड़ी हुई है। दूसरे समुदाय की संजना गुलशन वासुदेवा परिवार के साथ जान देने को कैसे तैयार हो गई, इस पर चर्चाओं में सवाल उठाए जा रहे हैं। घटना के दूसरे दिन भी यह स्पष्ट पता नहीं चल पाया है कि संजना के साथ गुलशन के रिश्ते का नाम क्या था। हालांकि संजना की मां और भाई ने इस विषय में कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह खुलासे इस रिश्ते की सच्चाई को सामने लाते हैं या और उलझातें हैं यह आप खुद निर्णय लें....
वह गुलशन परिवार में मित्र, मैनेजर, पत्नी या किस हैसियत से रह रही थी। एसएसपी का कहना है कि इसकी कोई पुष्टि नहीं हो पाई है कि संजना ने गुलशन से शादी की थी। वहीं, संजना की मां नूरजहां का कहना है कि उन्हें नहीं मालूम कि संजना का गुलशन से क्या संबंध था जबकि भाई फिरोज का कहना है कि डेढ़ साल पहले संजना यह कहकर घर से निकली थी कि वह गुलशन से शादी करने जा रही है।
गुलशन के परिवार वालों के अनुसार, करीब सात वर्षों से संजना गुलशन के साथ थी। शुरुआत में तो वह फैक्ट्री में काम देखती थी लेकिन धीरे-धीरे उसका घर में आना जाना शुरू हो गया। डेढ़ महीने पहले गुलशन परिवार के साथ एटीएस सोसायटी से कृष्णा अपरा सफायर सोसायटी में शिफ्ट हुए। तब से संजना उनके साथ ही रह रही थी। लेकिन संजना का गुलशन से क्या रिश्ता था यह किसी को नहीं पता।
संजना की मां नूरजहां ने बताया कि संजना को पैसा कमाना था। 26 वर्षीय संजना कई साल से गुलशन के यहां काम कर रही थी। करीब डेढ़ साल पहले संजना घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उससे उनका कोई संपर्क नहीं रहा।
गुलशन से संजना ने शादी की या नहीं इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। जबकि संजना के भाई फिरोज ने बताया कि जब डेढ साल पहले संजना घर छोड़कर गई तो यह कहकर गई थी कि वह गुलशन से शादी करने जा रही है। उसके कुछ दिन बाद वह घर आई और अपने कपड़े व अन्य सामान लेकर चली गई। वहीं एसएसपी सुधीर कुमार का कहना है कि जांच के दौरान इस तरह का कोई साक्ष्य नहीं मिला जिससे यह पता चल सके कि संजना और गुलशन पति पत्नी थे।