दिल्ली के पांच सितारा होटल का एक ऐसा सीसीटीवी वीडियो सामने आया है जिसने एक बार फिर कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। चौंकाने वाली बात ये है कि इस वीडियो के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्यवाही करने का फैसला किया जबकि पीड़ित महिला ने पहले ही इसकी शिकायत पुलिस में की थी।
इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के पास एक पांच सितारा होटल में काम करने वाली महिला के साथ छेड़छाड़ का ये वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। होटल में काम करने वाली महिला के साथ होटल का सिक्योरिटी मैनेजर छेड़छाड़ करता है और उसकी साड़ी खिंचने की कोशिश करता है। यह पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। पीड़िता का कहना है कि उसका विरोध करने के बावजूद मैनेजर ने उसके साथ छेड़छाड़ की।
महिला ने बताया है कि छेड़छाड़ के दौरान ही होटल का एक कर्मचारी वहां आ गया जिसके बाद मैनेजर ने उसे छोड़ा और मौका पाते ही पीड़िता वहां से निकल गई। हालांकि पीड़िता का आरोप है कि उस दिन घर जाते हुए भी मैनेजर ने रास्ते में उसे अपनी कार में बिठाने की दो बार कोशिश की।
घर जाकर महिला ने अपने पति को पूरी बात बताई जिसके बाद दोनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। दोनों ने एक अगस्त को एयरपोर्ट थाने में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने मैनेजर पवन के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की। पीड़िता का कहना है कि मैनेजर लगातार उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। 29 जुलाई को उसने पीड़िता को अपने ऑफिस में बुलाया और उसकी साड़ी उतारने की कोशिश करने लगा।