गुरुग्राम में बीते शुक्रवार एक फार्म हाउस में दर्जनों युवक-युवतियां शराब पार्टी करते पकड़े गए। यहां ये लोग नाचते-गाते और नशे में धुत मिले। हालांकि ऐसा नहीं है इस तरह की किसी पार्टी पर पहली बार छापेमारी हुई हो। दिल्ली-एनसीआर में अक्सर ही शराब, ड्रग्स, लड़कियां, रंगीनियां, म्यूजिक और डांस वाली रेव पार्टियां होती रहती हैं। इन पार्टियों में लोग न सिर्फ नशे में झूम रहे होते बल्कि यहां ग्लैमर का भी पूरा इंतजाम होता है। पुलिस ने बीते कुछ महीनों में कई ऐसी पार्टियों पर छापा मारा है, जहां लोग गैरकानूनी तौर पर नशा करते हुए पकड़े गए हैं। इन हाईप्रोफाइल पार्टियों के कई ऐसे राज होते हैं, जो इन छापों के बाद खुलते हैं जिसके बाद हर कोई हैरान रह जाता है। हमारी इस स्टोरी में पढ़िए बीते कुछ महीनों में हुई ऐसी ही रेव पार्टियों के बारे में और देखिए तस्वीरें...
दिल्ली-एनसीआर में अय्याशी से सराबोर पार्टियां, जब हो गईं सारी हदें पार
दिल्लीः रेव पार्टी में आपत्तिजनक हालत में थीं कई लड़कियां, 200 युवक-युवतियां हुईं थी पार्टी में शामिल
आबकारी विभाग व महरौली थाना पुलिस ने छतरपुर एक्सटेंशन के कैफे में चल रही रेव पार्टी में 8 जून को छापा मारकर मुख्य आयोजक समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि दो आयोजक फरार हो गए। पार्टी में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद व गाजियाबाद समेत एनसीआर के अन्य शहरों से 200 से ज्यादा लड़के और लड़कियां शामिल थे। इनमें से कई नाबालिग भी थे। बताया जा रहा है कि जब पुलिस पहुंची तो कई लड़कियां अर्धनग्न अवस्था में पाई गईं।
दबिश देखकर पार्टी में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। जो जैसा और जिस हालत में था पार्टी से बाहर भागने लगा। बताया जाता है कि कई लड़कियां अर्द्धनग्न अवस्था में थीं। पुलिस को देखते ही लोग अपनी गाड़ियों की तरफ भागे और मौके से फरार हो गए। अधिकारियों के अनुसार पार्टी में करीब 200 से ज्यादा लड़के-लड़कियां, आयोजक, व कर्मचारी थे। आबकारी विभाग की टीम करीब 30 से 40 लोगों को ही हिरासत में ले पाई थी।
नोएडा पुलिस ने 4 मई की रात को नोएडा के सेक्टर-135 स्थित एक फार्म हाउस में चल रही रेव पार्टी पर छापा मारकर 192 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें फार्म हाउस के मालिक व पांच मुख्य आयोजकों समेत गाजियाबाद पुलिस का एक सिपाही और एक पूर्व विधायक का भतीजा भी शामिल था। पार्टी में शराब व अन्य नशीले पदार्थ परोसे जा रहे थे। फार्म हाउस से भारी मात्रा में शराब, बीयर, हुक्के, तंबाकू, लैपटॉप सहित कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुई थी।
एसएसपी ने स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच के आदेश दिए थे। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया था कि एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-135 में रेव पार्टी की सूचना मिली। इस पर उन्होंने स्थानीय पुलिस को बगैर सूचना दिए अपनी टीम के साथ फार्म हाउस पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां अफरातफरी मच गई। डीजे पर नशे में धुत होकर नाच रहे युवक-युवतियां भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके से 31 युवतियों समेत 192 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। युवतियों में 8 प्रोफेशनल डांसर थीं।