जिले के एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची के साथ 24 वर्षीय एक युवक ने दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को अपने घर में ही रसोई के अंदर आटे के ड्रम में छिपा दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
मौके पर जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। बाद में जिला पुलिस कप्तान वसीम अकरम व डीएसपी सुरेश कुमार ने मौके पर जाकर ग्रामीणों को समझाया और आरोपी को गिरफ्तार किया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और शव को पुलिस को उठाने दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। जिला पुलिस कप्तान वसीम अकरम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पता चला कि आरोपी युवक ने अपने मालिक की पांच वर्षीय बेटी को अपहरण कर अपने घर ले गया।
जहां उसने पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, बाद में चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को खुदबुर्द करने की नीयत से घर के अंदर ही रसोई में रखे आटे के ड्रम में रख दिया। ऊपर से आटा डाल दिया और कपड़े से ढक दिया। बच्ची के गायब होने की जानकारी मिलने पर उसके परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया। इसी दौरान आरोपी भोलू जो कि बच्ची के पिता की हलवाई की दुकान पर ही काम करता है, पर शक हो गया। इस बाबत उसकी घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके घर की रसोई में ड्रम से शव बरामद हो गया। ग्रामीणों ने शव को बाहर रख दिया और हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने शव को उठाने नहीं दिया। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए गदपुरी पुलिस चौकी इंचार्ज ने मामले की सूचना जिला पुलिस कप्तान को दी। सूचना मिलते ही कप्तान स्वयं डीएसपी सुरेश कुमार के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर ही पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद ग्रामीणों को शांत कराने के बाद पुलिस कप्तान ने स्वयं बच्ची के शव को कब्जे में लिया, पुलिस अधिकारियों के द्वारा जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जिला पुलिस कप्तान वसीम अकरम ने बताया कि घटना बेहद शर्मनाक है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया है कि वह बच्ची के पिता को सबक सिखाना चाहता था, उससे रंजिश रखता था। इस कारण उसने बच्ची की हत्या की है।