दोस्ती, प्यार, साजिश, हत्या, अंधभक्ति, रेप, आत्मा का रहस्य और आत्महत्या इनमें से ऐसा कुछ नहीं है जो बीते दो महीने में देश में चर्चा का विषय न बना हो। देश ही नहीं विदेशों तक इनकी चर्चा रही। हम बात कर रहे हैं देश की राजधानी दिल्ली में पिछले दो महीनों में कुछ ऐसी वारदातें हुई हैं जिनमें आपको आसानी से अपराध के ये सभी एंगल मिल जाएंगे। अपनी इस स्टोरी में हम आपको बीते दो महीने में राजधानी दिल्ली में हुई 4 ऐसी ही वारदातों के बारे में बताने वाले हैं जो न सिर्फ अनोखे होने की वजह से चर्चा में आए बल्कि ये हमें सतर्क भी करते हैं।
दो माह में इन 4 वारदातों से दहली दिल्ली, देश ही नहीं विदेशों में भी रही इनकी चर्चा
1- बुराड़ी में एक ही परिवार के 11 लोगों की सामूहिक आत्महत्या का मामला- रविवार, 1 जुलाई की सुबह दिल्ली के बुराड़ी के लिए ऐसी सुबह के रूप में सामने आई जैसा न किसी ने कभी सोचा होगा और न कभी सुना होगा। एक ही परिवार के 11 लोगों ने आंख-मुंह पर पट्टी और हाथ-पैर बंधे हुए एक साथ आत्महत्या कर ली। इनमें से 10 लोगों के शव तो फंदे से लटके मिले जबकि परिवार की सबसे बुजुर्ग महिला की लाश एक अलग कमरे में जमीन पर पड़ी मिली।
शुरुआत में तो इसे सामूहिक आत्महत्या और बुजुर्ग महिला की मौत को हत्या माना गया। लेकिन समय बीतने के साथ इसमें मरे हुए लोगों की आत्माओं, तांत्रिक और एक मानसिक रूप से बीमार शख्स की सनक के भेंट चढ़े परिवार का एंगल सामने आने लगा। हालांकि 11 शवों के पोस्टमार्टम के बाद ये बात साफ हो गई है कि सभी 11 लोगों ने फांसी ही लगाई है लेकिन पुलिस को अभी साइकोलॉजिकल पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट का इंतजार है। लेकिन अपने तरह के इस अनोखे मामले ने देश ही नहीं विदेशी मीडिया का ध्यान भी अपनी ओर खींचा।
2- आर्मी मेजर ने की मेजर की पत्नी की हत्या- 23 मई शनिवार को दिल्ली कैंट एरिया के पास बरार स्क्वायर में जब एक महिला की लाश को खून से लथपथ पाया गया तो पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई। पुलिस जब यहां पहुंची तो और तहकीकात करनी शुरू की तो पता चला कि यह आर्मी के मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा द्विवेदी की लाश है। जिसका पहले चाकू से गला रेता गया फिर उसका कत्ल करने के लिए उसे दो बार कार से कुचला गया। पहले तो पुलिस यह नहीं समझ पाई कि आखिर शैलजा का कत्ल किया किसने लेकिन 24 घंटों के अंदर ही पुलिस ने शैलजा के हत्या के आरोपी आर्मी के मेजर निखिल हांडा को गिरफ्तार कर लिया।
पहले तो आरोपी निखिल हांडा ने ये कहा कि शैलजा उससे शादी करना चाहती थी और उससे पीछा छुड़ाने के लिए निखिल ने उसका कत्ल कर दिया। लेकिन फिर जैसे-जैसे मामले का खुलासा होता गया ये पता चला कि शैलजा और निखिल एक-दूसरे को पहले से जानते थे और निखिल शैलजा के लिए दीवाना हो गया था। जब शैलजा निखिल से शादी करने को तैयार न हुई तो निखिल ने उसे मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के सुर्खियों में आते ही यह हर किसी के बीच चर्चा का विषय बन गई थी। हालांकि अभी इस केस का कुछ फैसला नहीं हुआ है और यह तो वक्त ही बताएगा कि आरोपी मेजर को क्या सजा मिलती है।
शनिधाम के संस्थापक दाती महाराज की शिष्या ने उन पर लगाया रेप का आरोप- शनिधाम के संस्थापक दाती महाराज उस वक्त सुर्खियों में आ गए जब उनकी एक 25 साल की शिष्या ने उनपर रेप का आरोप लगाया। शिष्या का आरोप है कि दाती महाराज ने अपने पाली स्थित आश्रम में दो साल पहले उसका रेप किया था। यही नहीं उनके कुछ सहायकों ने भी उसका यौन शोषण किया। इस मामले में अब तक आरोपी दाती महाराज की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में अपराध शाखा की टीम दाती महाराज के दिल्ली और पाली स्थित आश्रम में लगातार जांच जारी रखे हुए हैं। वहीं दाती के गुरुकुल की 53 शिष्याओं ने भी यह बात मानी है कि घटना वाले दिन यानि 26, 27 व 28 जनवरी 2016 को दीदी (पीड़िता) पाली स्थित आश्रम में मौजूद थी। इस केस के सामने आने से एक बार फिर देश का विश्वास धर्मगुरुओं पर से हट गया।
4- इंजीनियर ने किया प्यार, शादी और फिर हत्या कर टुकड़ों में काटा पत्नी का शव- साजिद और उसके भाइयों ने जिस निर्मम तरीके से जूही की हत्या की, उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। साजिद ने जूही की हत्या की साजिश एक महीने पहले ही रच ली थी। उसने तय कर रखा था कि जिस दिन झगड़ा होगा, उसी दिन वह पत्नी की हत्या कर देगा। डीसीपी चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि दोनों में 20 व 21 जून की रात करीब साढ़े दस बजे झगड़ा हुआ था। इसी दौरान उसने पत्नी जूही का गली दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने बड़े भाई इश्तियाक को बुलाया। दोनों जूही के शव को बाथरूम में ले गए और वहां उसके दोनों हाथों की नसें काट दीं, ताकि बाथरूम में शरीर का पूरा खून निकल जाए। ये शव से पूरा खून निकलने का इंतजार करते रहे।