सावधान! आप सीसीटीवी की निगरानी में हैं। ये लाइन तो आपने कई बार सुनी होगी। लेकिन, अगर आपसे कहा जाए कि सावधान! आप पेड़ की निगरानी में हैं। तो.... हैरान हो गए ना आप? लेकिन, ऐसा ही कुछ हो रहा है आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर।
आम आदमी पार्टी में विवादों से बचने के लिए फूंक-फूंक कर कदम रखना चाहती है। बीते कुछ दिनों से आप के दफ्तर के बाहर ऐसे-ऐसे पोस्टर्स लगाए जा रहे हैं, जिससे पार्टी में आपसी खींचतान शुरू हो गई है।
इससे बचने के लिए केजरीवाल ने दफ्तर के के सामने एक पेड़ पर ही सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। ताकि, दफ्तर की दीवारों पर पोस्टर लगाने वाले की फोटो सीसीटीवी में कैद हो जाए। उसके बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जा सके।
हुआ क्या कि कुछ लोग कविराज के नाम से मशहूर कुमार विश्वास के लिए पोस्टर लगा गए थे, जिसमें उन्हें गद्दार बताया गया था। इससे पार्टी में काफी खींचतान हुई। कुछ नेता तो विश्वास के खिलाफ खुलकर सामने आ गए थे।
इसके पहले ओखला से विधायक अमानातुल्लाह खान के पोस्टरों ने भी हंगामा मचाया था। इन पोस्टरों में केजरीवाल के जोहरी और अमानातुल्लाह को हीरा बताया गया था। बहरहाल, ऐसे पोस्टर्स दोबारा ना लगे और पार्टी में अंदरूनी कलह ना हो, इसके लिए तीसरी आंख से निगरानी की जा रही है।