कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जाते-जाते एक बार फिर सबको चौंका गए। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर आखिरी समय तक सस्पेंस बना रहा। विधानमंडल दल की बैठक शुरू होने तक मुख्यमंत्री के लिए तीरथ सिंह रावत के नाम की कहीं कोई चर्चा नहीं थी। बैठक में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पार्टी की ओर से विधानमंडल दल के नेता को लेकर लिए गए निर्णय का प्रस्ताव रखा। पौड़ी लोकसभा सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत के नाम का एलान होते ही सब चौंक गए। बैठक शुरू होने तक भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में तीरथ सिंह रावत के नाम की कोई चर्चा नहीं थी। कार्यालय में अंदर बैठक चल रही थी और बाहर कार्यकर्ताओं में केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का नाम तय होने की चर्चाएं थी। बैठक में 11.15 बजे कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पार्टी ने विधानमंडल दल का नेता चुनने का निर्णय लिया है। पार्टी ने उन्हें नए नेता का प्रस्ताव रखने की जिम्मेदारी दी। पार्टी में मंत्री से विधायक व अन्य पदाधिकारी सब कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने ऐसे कार्यकर्ता का नाम तय किया, उस पर मुझे खुशी है। बचपन में साथ पढ़ते थे, स्वयं सेवी बनाने का मौका मिला और मेरे साथ प्रचारक व संगठन मंत्री भी रहे। सब सोच रहे थे कौन हो सकता है। इस पर वहां मौजूद लोगों के मन में धन सिंह रावत का नाम कौंध रहा था। लेकिन इसके इतर तीरथ सिंह रावत के नाम का एलान हुआ है। इससे सब चौंक गए।
उत्तराखंडः आखिरी समय तक नए सीएम के नाम पर सस्पेंस, जाते-जाते फिर चौंका गए त्रिवेंद्र सिंह रावत
भूपेंद्र राणा, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal
Updated Thu, 11 Mar 2021 11:15 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन