बचपन में बार्बी डॉल किसी भी बच्चे का सपना होता है। लेकिन अब आप बॉर्बी डॉल की जगह अपने बच्चे को पहाड़ी डॉल (जुन्याली) भेंट कर सकते हैं। इसके दो फायदें हैं। एक तो बच्चे को डॉल मिल जाएगी और दूसरा यह डॉल आपके बच्चे को पहाड़ के रंग-रूप, संस्कृति, वेषभूषा और बोली से रूबरू कराएगी।
जी हां, कुछ ऐसी ही है अपनी पहाड़ी डॉल जुन्याली। जिसे स्टार्टअप के तहत लॉच किया है तीन दोस्तों दीप नेगी, पंकज अधिकारी और अक्की अधिकारी ने। अपनी लॉचिंग के बाद धीरे-धीरे जुन्याली घर-घर में अपनी जगह बना रही है। पहाड़ के रंगों और वेषभूषा में लिपटी इस गुड़िया को आप बच्चों को गिफ्ट करने के अलावा अपने ड्राइंगरूम और दफ्तर में भी सजा सकते हैं।
टिहरी गढ़वाल के जुवा पट्टी के सुनार गांव के दीप नेगी वर्तमान में दुबई में हेल्थकेयर कंपनी में लर्निंग स्पेशलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। जबकि इसी पट्टी के अलेरू गांव के पंकज व अक्की अधिकारी वर्तमान में गुड़गांव में प्राइवेट कंपनी में अच्छे पदों में कार्यरत हैं। तीनों दोस्तों ने स्टार्टअप के तहत कुछ अलग करने की सोची तो जुन्याली गुड़िया का जन्म हुआ।
यूं तो जुन्याली की हार्ड बॉडी विदेशों से आयात होती है, लेकिन यहां दिल्ली और टिहरी में जुन्याली की पारंपरिक पोशाक घाघरा, गुलाबंद , पिछोड़ा, टाल्खा, कोटि, पहाड़ी टोपी, घिल्डा, टोकरी आदि तैयार की जाती है। यहीं उसे उसका पहाड़ी रंग-रूप और आकार दिया जाता है। जुन्याली को आप पहाड़ की पहली म्यूजिकल डॉल भी कह सकते हैं।
इस काम को अंजाम देने वाले तीनों युवाओं का कहना है कि यह केवल एक खिलौना मात्र नहीं है, बल्कि कई अभिभावकों का सपना है कि वो अपने बच्चों से हमारी समृद्ध सांस्कृतिक भाषा को बोलते हुए सुनें या कम से कम उन्हें इसकी जानकारी हो। इसीलिए हमने अपने बच्चों के लिए इस संगीतमय गुड़िया का सपना देखा, ताकि उनकी छोटी उम्र से ही वो हमारी संस्कृति और भाषा के प्रति रुचि लें और वो इसकी ओर आकर्षित भी हों।