चंद्रशेखर तुम्हारी ये कुर्बानी याद रखेगा हर हिंदुस्तानी, जब तक सूरज चांद रहेगा, चंद्रशेखर तुम्हारा नाम रहेगा, वंदे मातरम और भारत माता की जयघोष के साथ शहीद लांसनायक चंद्रशेखर हर्बोला को बुधवार को अंतिम विदाई दी गई। चित्रशिलाघाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले 38 साल बाद उनके पार्थिव शरीर को घर लाया गया तो उनकी पत्नी कुछ देर के लिए बेसुध हो गईं और दोनों बेटियां ताबूत से लिपटकर कर विलख पड़ीं। जब शांति देवी के पति शहीद हुए तब उनकी (शांति देवी की) उम्र सिर्फ 28 साल थी।
38 साल का इंतजार: जवानों के पार्थिव शरीर पहुंचे तो दो और परिवारों की बंधी आस, झकझोर देंगे पत्नियों के ये शब्द
इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्री रेखा आर्या, गणेश जोशी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सैन्य अधिकारी और पूर्व सैनिक उनके घर पहुंचे हुए थे। अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट के हाथीगुर बिंता निवासी चंद्रशेखर हर्बोला 19-कुमाऊं रेजीमेंट में लांसनायक थे। मई 1984 में सियाचिन में पेट्रोलिंग के दौरान 20 सैनिकों की टुकड़ी के साथ वह भी ग्लेशियर की चपेट में आ गए। कुछ समय बाद सभी को शहीद घोषित कर दिया गया था। सेना की ओर से बीती 14 अगस्त को शहीद हर्बोला के परिजनों को उनका पार्थिव शरीर मिलने की सूचना दी गई।
उत्तराखंड: शहीद दिनेश की मां-पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल, पिता के भी नहीं थम रहे आंसू, पार्थिव शरीर का इंतजार
बुधवार की सुबह उनका पार्थिव शरीर आर्मी कैंट लाया गया। दोपहर 12:11 बजे आर्मी वाहन से देशभक्ति गीत और नारों के साथ शहीद के पार्थिव शरीर को घर के लिए रवाना किया गया। 35 मिनट बाद सेना के बैंड की धुन के साथ उनकी पार्थिव देह सम्मानपूर्वक डहरिया स्थित सरस्वती विहार में उनके घर ले जाई गई।
2 of 6
शहीद चंद्रशेखर का अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्रद्धांजलि देने शहीद के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढाढ़स बंधाया। करीब दस मिनट पार्थिव शरीर को घर में रखा गया। उसके बाद घर से करीब 50 मीटर दूर मैदान में तैयार किए गए श्रद्धांजलि स्थल पर ले जाया गया।
3 of 6
शहीद चंद्रशेखर का अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
वहां मुख्यमंत्री धामी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मेयर जोगेंद्र रौतेला, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, डीएम नैनीताल धीराज गर्ब्याल, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम मनीष कुमार सिंह ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए।
4 of 6
शहीद चंद्रशेखर का अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद शहीद के सम्मान में गगनभेदी नारों के साथ पार्थिव शरीर को दोपहर दो बजे चित्रशिला घाट ले जाया गया। वहां कुमाऊं रेजीमेंट के अधिकारियों समेत अन्य सैन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर सलामी दी। शहीद की दोनों बेटियों कविता पांडे, बबिता गुरुरानी, छोटे भाई पूर्व सैनिक पूरन चंद्र, भतीजे ललित और राजेंद्र ने चिता को मुखाग्नि दी।
5 of 6
शहीद चंद्रशेखर का अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
शहीद लांसनायक चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर के लाए जाने तक दो से ढाई घंटे तक सरस्वती विहार मार्ग पर पड़ोस की महिलाएं फूल और तिरंगा लेकर खड़ी रहीं। इनमें युवा से लेकर बुजुर्ग महिलाएं भी मौजूद रहीं। सभी टकटकी लगाए पार्थिव शरीर के आने और शहीद चंद्रशेखर की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखीं। इस बीच आसपास के कुछ व्यापारियों ने लोगों के लिए पीने के पानी का इंतजाम किया था।