बीते एक महीने के अंदर तीर्थनगरी हरिद्वार में दो ऐसी घटनाएं सामने आईं जिन्होंने हर किसी को अंदर तक झकझोरकर रख दिया। पहले केस में मां ने अपने ही छह महीने के बेटे को बैग में डालकर गंगा में बहा दिया, तो हाल ही में हुए दूसरे केस में एक बहन ने अपने दो साल के भाई को पहली घटना की तरह ही बैग में डालकर गंगा में बहा दिया। उनके ऐसा करने के पीछे वजह भी ऐसी कि यकीन करना मुश्किल हो जाए। दोनों ही बच्चों के शव अभी तक नहीं मिल पाए हैं।
पांच नवंबर को हरिद्वार के कनखल में बेटे की परवरिश करने में असमर्थ मां ने गंगा में डूबाकर उसकी हत्या कर दी थी। क्षेत्र के सरला सदन (सर्वप्रिय विहार) निवासी हीरो मोटो कोर्प में कार्यरत दीपक बलूनी का छह माह का बेटा अंश तीन नवंबर की शाम को घर से गायब हो गया था। मां संगीता ने पुलिस को जानकारी दी थी कि वह पास में ही डेयरी पर दूध लेने गई थी, जब वापस लौटी थी तो बेटा गायब था। पुलिस ने चंद घंटों में ही मामले से पर्दा उठाते हुए मां को गिरफ्तार किया था।
सामने आया था कि बेटे के रोने की आदत और बार बार स्तनपान करने से आजिज आकर मां ने ही गंगा में डूबाकर उसकी हत्या कर दी थी और शव बहा दिया था। सीसीटीवी फुटेज में काले रंग के बैग में बेटे को ले जाते हुए मां कैद हो गई थी। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बेटे को खो चुके परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित बाप का भी रो रोकर बुरा हाल है।
वहीं, बीती 29 नवंबर से ज्वालापुर क्षेत्र से गायब दो साल के मासूम के प्रकरण में दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ। परवरिश और परिवार में कम तवज्जो दिया जाना इतना अखरा कि सगी नाबालिग बड़ी बहन ने ही मासूम को गंगनहर में फेंक दिया। इससे पहले उसने दूध में नींद की गोलियां मिलाकर भी उसे मारने की कोशिश की थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से ज्वालापुर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
नाबालिग की 12 साल की चचेरी बहन भी इस वारदात में शामिल थी। दोनों बहनों ने सुबह के वक्त माता पिता के पास सो रहे भाई को उठा लिया और उसे कपड़े के थैले में डालकर घर से निकल गईं। एक बहन साइकिल पर सवार थी तो दूसरी हाथ में बैग लेकर पैदल-पैदल चल रही थी। रेलवे के लाल पुल के पास पहुंचकर उन्होंने बैग के साथ ही भाई को भी गंगनहर में फेंक दिया था।