अनारक्षित टिकट लेने के लिए यात्रियों को टिकट काउंटरों पर कतार में खड़ा होने से निजात मिल गई है। पूर्वोत्तर रेलवे ने यूटीएस मोबाइल एप शुरू कर दिया है। स्मार्ट फोन पर इस एप को डाउनलोड कर कोई भी व्यक्ति अपने गंतव्य का टिकट खरीद सकता है।
काशीपुर जंक्शन से विभिन्न मार्गों पर 16 जोड़ी एक्सप्रेस, साप्ताहिक, सवारी गाड़ियों से रोज छह हजार से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। इज्जतनगर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार की पहल पर यूटीएस मोबाइल एप शुरू किया गया है। टिकट बुक करने के लिए यात्री के पास स्मार्ट फोन होना चाहिए।
एप को डाउनलोड कर नाम, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि अंकित कर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद यात्री यात्रा टिकट, वापसी टिकट, सीजन टिकट, प्लेटफार्म टिकट बुक कर सकते हैं। सीजन टिकट की वैधता यात्रा के एक दिन बाद तक की होगी।
यात्रा करने के बाद टिकट स्वयं मिट जाएगा। टिकट बुक करने के बाद टिकट का प्रिंट निकालने की भी जरूरत नहीं है। मोबाइल में बुक टिकट दिखाकर ही यात्रा की जा सकती है। यह एप जीपीएस प्रणाली पर आधारित है। खास बात यह कि रेलवे स्टेशन परिधि से 25 मीटर से पांच किलोमीटर के दायरे में ही यात्री टिकट बुक कर सकते हैं। ट्रेन या रेलवे स्टेशन पर बैठकर टिकट बुक नहीं होगा। एक मोबाइल नंबर से एक ही टिकट बुक होगा। यात्रा टिकट एक बार लेने के बाद रद्द नहीं होगा।
अनारक्षित टिकट बुक करने के लिए यूटीएस मोबाइल एप 16 अक्तूबर से शुरू हो गया। यात्री रेलवे स्टेशन से 25 मीटर से 5 किलोमीटर की दूरी की परिधि में रहकर ही टिकट बुक कर सकते हैं। इससे यात्रियों को काउंटर पर लगने वाली कतार से छुटकारा मिलेगा। साथ ही यात्रियों को नेट बैंकिंग, पेटीएम, काउंटरों से रिचार्ज कराने पर पांच प्रतिशत बोनस मिलेगा।
-मुकेश गुप्ता, वाणिज्य निरीक्षक, रेलवे स्टेशन काशीपुर