अप्रैल 2018 में आस्ट्रेलिया में होने वाले 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स की क्वींस बेटन रिले शुक्रवार को राजधानी पहुंची। रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन मैदान में मुख्यमंत्री, कई मंत्रियों समेत शहर के लोगों ने क्वींस बेटन का जोरदार स्वागत किया। बेटन को शहर में भी घुमाया गया। इस दौरान भी कई जगहों पर लोगों ने बेटन रिले का पुष्प वर्षा कर और गुब्बारे उड़ाकर स्वागत किया।
क्वींस बेटन के आगमन को लेकर शहर के बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही युवा बेटन का पुलिस लाइन पहुंचकर बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही आसमान में नीले रंग का चॉपर दिखाई दिया। युवा खुशी से झूम उठे और पुलिस लाइन मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बच्चों और युवाओं ने नारंगी, सफेद और हरे रंग के गुब्बारे हवा में उड़ाकर बेटन का स्वागत किया। गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर धर्मपुर, सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स और गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज के छात्रों ने मैदान में पहुंचकर क्वींस बेटन रिले का स्वागत किया। भारतीय ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव राकेश गुप्ता ने खेल सचिव हरवंश चुग को क्वींस बेटन सौंपी।
इसके बाद पहुंचे सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को क्वींस बेटन सौंपी गई। उन्होंने अर्जुन अवार्डी बॉक्सर पद्म बहादुर मल्ल को क्वींस बेटन थमाई। जो द्रोणाचार्य अवार्डी हंसा मनराल, ओलंपियन मनीष रावत आदि के हाथों पुलिस लाइन मैदान से विधायक हास्टल, बन्नू चौक होते हुए पुन: पुलिस लाइन मैदान पहुंची। इसके बाद पांच सदस्यीय डेलीगेट चॉपर में क्वींस बेटन जौलीग्रांट के लिए रवाना हुआ। जहां से क्वींस बेटन रिले दिल्ली रवाना होगी।
वहीं हरिद्वार में भी क्वींस बेटन रिले के स्वागत के लिए धर्मनगरी में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान भारत माता की जय और विनिंग इंडिया के नारों के साथ आमजन में देशभक्ति का जज्बा जमकर झलका। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, जिलाधिकारी दीपक रावत ने रिले धारकों का स्वागत करते बेटन को आगे बढ़ाया। हरकी पैड़ी से भगत सिंह चौक स्थित यूथ हॉस्टल तक स्वागत करने के लिए हजारों स्कूली बच्चे, लोग, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के एथलीट मौजूद रहे। बाद में हेलीकाप्टर से यह मशाल दिल्ली के लिए रवाना कर दी गई।