उत्तराखंड के मौसम में लगातार ठंडक बनी हुई है। गुरुवार को चमोली जिले में दोपहर बाद निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई जिससे वातावरण और भी सुंदर हो गया। देखिए...
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, नंदा घुंघटी, तुंगनाथ क्षेत्र के साथ ही अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बुधवार रात को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
जोशीमठ, गोपेश्वर, पोखरी, घाट, निजमूला घाटी, गैरसैंण क्षेत्रों में सुबह और शाम को बर्फीली हवाओं से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग पर घांघरिया से छह किमी के हिस्से में चारों ओर बर्फ जमी हुई है।
हेमकुंड साहिब में मौजूदा समय में करीब चार फीट जबकि बदरीनाथ धाम में लगभग दो फीट बर्फ जमी हुई है। वहीं केदारनाथ धाम में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद अभी तक वहां बर्फ जमी हुई है। इससे वहां काम कर रहे लोगों को परेशानी हो रही है।
पंचाचूली, हंसलिंग, छिपलाकेदार, नाग्निधुरा, बलांती, खलिया, बेटुलीधार और कालामुनि की ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। इस वर्ष लगातार बर्फबारी होने से ऊंची चोटियां लकदक हो गई हैं। लगातार हो रहे हिमपात से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। सुबह और शाम के वक्त ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे हैं। मौसम के तेवर देखते हुए निचले इलाकों में भी बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है।