हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर खड़ी ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर में बुधवार सुबह आग लग गई। इससे अफरा तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड की सूचना दी गई। उसने आकर आग पर काबू पाया।
फॉरेंसिक टीम ने जांच को सैंपल भरे। बम स्क्वायड टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन कोई क्लू नहीं मिल सका। प्रथम दृष्ट्या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब पौने नौ बजे ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर (54482) हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
यहां यात्रियों को उतारने के बाद ट्रेन को मेला प्लेटफार्म नंबर-8 पर खड़ा कर दिया गया। ट्रेन की शाम को धुलाई होनी थी। करीब साढ़े 10 बजे वहां से निकल रहे सफाई कर्मचारी ने बोगी से धुआं निकलते देखा तो आरपीएफ और जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दोनों बलों के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
आरपीएफ थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बोगी की खिड़की तोड़ी और वहां पर पानी के पाइप से आग को बुझाना शुरू किया। करीब 11 बजे फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद देखा तो बोगी में चार सीटों के साथ छत फुंकी हुई थी।
आग की सूचना पर आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त धर्मराज राय, जीआरपी सीओ मनोज कत्याल, स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह आदि भी मौके पर पहुंचे। एसएसओ फायर ब्रिगेड राय सिंह राणा ने जांच कर बताया कि प्रथम दृष्टया आग की वजह शॉर्ट सर्किट लग रहा है।