प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मसूरी में केंद्रीय विद्यालय के बच्चों के साथ बच्चे बन गए। उन्होंने बच्चों के साथ योग किया और उन्हें खेल-खेल में ही काम की बात सिखा गए। देखिए खास तस्वीरें...
दो दिवसीय मसूरी प्रवास के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों को उंगलियों का खेल सिखाया। सुबह उठकर सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) राष्ट्रीय प्र्रशासनिक अकादमी के प्रशिक्षु अधिकारियों और केवि के 35 बच्चों के साथ योग किया।
इसके बाद एकाग्रता बढ़ाने के लिए उन्होंने बच्चों को उंगलियों का एक खेल सिखाया। वह बच्चों के साथ ऐसे घुल-मिल गए, मानों खुद भी बच्चे हों। वहीं, बच्चे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने बीच पाकर बेहद खुश और उत्साहित नजर आए।
प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को मसूरी पहुंचे थे। रात्रि प्रवास के बाद शुक्रवार को सुबह पीएम मोदी ने अकादमी में केंद्रीय विद्यालय के 35 छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। यहां उन्होंने बच्चों के साथ योग भी किया। इसके बाद बाएं हाथ की बाईं उंगली को एक तरफ और उसी हाथ की दाईं तरफ की उंगलियां दूसरी तरफ अलग करने की तरकीब समझाई।
पीएम ने बच्चों से यही प्रक्रिया दोहराने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि जो बच्चे ऐसा कर लेंगे वे बुद्धिमान होंगे और उनकी एकाग्रता भी बढ़ेगी। बच्चों ने खेल का आनंद लेते हुए प्रधानमंत्री के बताए खेल को दोहराया तो पीएम ने उनकी पीठ थपथपाई। केंद्रीय विद्यालय की कक्षा नौ की छात्रा इकरा अली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर गौरव महसूस हुआ।