अगर आपने डाकघर से कोई योजना ली हुई है तो यह खबर आपके लिए है। विभाग की इस नई सुविधा से आपको बड़ा फायदा होगा। अब आपको पैसों का भुगतान करने के लिए लाइन में लगने की जरूरत नहीं है। अब घर बैठे ही सभी योजनाओं के लिए पैसा जमा कराया जा सकता है। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीबी) आने से इसकी राह आसान हो गई है।
अभी तक डाकघर की बीमा, एफडी, टीडी, आरडी, सुकन्या समृद्धि योजना सहित सभी योजनाओं का पैसा जमा कराने के लिए ग्राहकों को डाकघर जाना पड़ता था। कई बार तो लाइन इतनी लंबी होती थी कि काफी समय लग जाता था। इन सभी परेशानियों से अब इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के आने के बाद राहत मिल गई है। केवल एक सेविंग खाता इस बैंक में खुलवाओ और इसके बाद अपने सभी खातों में पैसा ऑनलाइन ट्रांसफर कर सकते हैं।
डाकघर की सेवाओं में यह बदलाव निश्चित तौर पर बड़ा बदलाव लेकर आएगी। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए सबसे पहले इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में शून्य बैलेंस पर खाता खुलवाएं। इस खाते को अपनी डाकघर की योजना से लिंक करा लें। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में ऑनलाइन बैंकिंग का लाभ उठाते हुए पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं। अपने किसी अन्य बैंक से पेमेंट बैंक के खाते में पैसा ट्रांसफर कर लें।
इसके बाद वहां से सीधे आपके संबंधित खातों में रकम जमा हो जाएगी। इसके लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के मोबाइल एप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। आईपीबी के आने के बाद अब आपको रजिस्ट्री या स्पीड पोस्ट सेवाओं के लिए भी कैश देने की जरूरत नहीं है। आपको आईपीबी की ओर से एक बार कोड दिया जाएगा। जब आप रजिस्ट्री कराएंगे तो यह बार कोड स्कैन होगा। आपके आईपीबी खाते से रजिस्ट्री का पैसा कट जाएगा।
डाकघर की किसी भी योजना में पैसा जमा कराने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में सेविंग खाता खुलवाना होगा। इसके बाद घर बैठे ही ऑनलाइन पैसा जमा कराया जा सकता है।
- जेएस बिष्ट, सीनियर पोस्ट मास्टर, देहरादून