दिवाली के मौके पर उत्तराखंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम आज एक और उपलब्धि जुड़ गई है। वे देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बन गए हैं जो तीसरी बार केदारनाथ धाम पहुंचे हैं। इससे पूर्व अस्सी के दशक में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी दो बार धाम पहुंची थी।
पीएम मोदी का इस दिव्य व शांत क्षेत्र से काफी पुराना नाता रहा है। दीपावली का दिन केदारनाथ धाम के लिए खास बन गया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पहुंचे हैं जिससे लोगों में भी खासा उत्साह है। उन्होंने यहां तकरीबन 25 मिनट बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
खास बात यह है कि पीएम का बीते डेढ़ वर्ष में ही धाम का यह तीसरा दौरा है। केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल करने के बाद से मोदी यहां के प्रति गंभीर हैं। वे कई कार्यों को अपने हिसाब से करवा चुके हैं। मंदिर परिसर व मंदिर मार्ग का विस्तार हो चाहे, इन स्थानों पर पहाड़ी शैली के पत्थर बिछाया, ये सभी पीएम मोदी की सोच रही है।
यहीं नहीं, आदिगुरू शंकराचार्य की समाधि स्थल को दिव्य और भव्य बनाने की बात उन्होंने बीते दौरों में कही है। उन्होंने केदारनाथ में पहाड़ी शैली को बहुत प्राथमिकता दी है, इसी के तहत मंदाकिनी नदी के ऊपरी तरफ गुफा बनाई गई है।
तीर्थ पुरोहितों के लिए पहले चरण में 64 यूनिटों का निर्माण इसी शैली से होना है। बाबा केदार की नगरी को मॉडल के रूप विकसित करने के साथ ही यहां मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने पर भी उनका विशेष ध्यान है। इस वर्ष अप्रैल में वे ड्रोन कैमरा से भी वे निर्माण कार्यो का निरीक्षण कर चुके हैं।