पासपोर्ट बनाने के लिए परेशान हो रहे हैं तो आपकी मुश्किल आसान हो गई है। जगह जगह चक्कर काटने के बजाए अब सीधे यहां चले आएं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में 30 दिसंबर को पासपोर्ट मेला आयोजित होगा। उत्तराखंड के सभी 13 जिलों के आवेदक मेले में पासपोर्ट बनाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पासपोर्ट कार्यालय से आवेदकों की अपाइंटमेंट सूची 27 दिसंबर की शाम चार बजे जारी की जाएगी। जिनका अपाइंटमेंट होगा उन्हीं के पासपोर्ट बनाए जाएंगे।
पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पासपोर्ट आवेदन के बाद आवेदक को क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून में बुलाया जाता है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा के मुताबिक पासपोर्ट मेले के लिए आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
फीस ऑनलाइन के अलावा स्टेट बैंक आफ इंडिया के चालान से भी जमा कर सकता है। उन्होंने बताया कि आवेदकों का अपाइंटमेंट 27 दिसंबर की शाम को कंप्यूटर प्रणाली से किया जाएगा। जिनका नाम चयनित होगा उनकी लिस्ट वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।