जब बच्चे किताबों और खेल के मैदानों से दूर होते जा रहे हैं तब एक ग्रामीण छात्र ने गांव में पुस्तकालय खोल कर एक नई पहल की है।
नौंवी के छात्र ने गांव में खोली लाइब्रेरी, लिख दी नई इबारत
यह पहल पिथौरागढ़ जिले के देवलथल क्षेत्र से लगभग तीन किमी दूर पथरौली गांव में हुई है। इसमें छात्र का जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने भी सहयोग किया है।
पथरौली गांव निवासी और राजकीय इंटर कॉलेज देवलथल के कक्षा नौवीं के छात्र राहुल चंद्र बड़ की पहल पर गांव में पुस्तकालय की स्थापना की गई है। पुस्तकालय में साहित्यिक पुस्तकों के अलावा बाल साहित्य, प्रतियोगी साहित्य, बाल साहित्य के अलावा कई पत्रिकाएं भी पुस्तकालय में रखी गई हैं।
फोन पर हुई बातचीत में जीआईसी देवलथल में सामाजिक विज्ञान के अध्यापक महेश पुनेठा ने बताया कि बुधवार 15 फरवरी को पथरौली के ग्राम प्रधान हरीश चंद्र बड़ से पुस्तकालय का उद्घाटन करवाया गया। पुस्तकालय के लिए ग्राम प्रधान के भाई जगदीश चंद्र बड़ ने कमरा और फर्नीचर उपलब्ध करवाया है।
पुनेठा के मुताबिक शुरुआत में जन सहयोग और उनके पुस्तकालय से 50 किताबें और कुछ पत्रिकाएं रखी गई हैं। कहा कि अभी पुस्तकालय के लिए किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। बताया कि पुस्तकालय के सफल संचालन के लिए छात्रों की एक संचालन समिति का भी गठन किया गया है। इसका अध्यक्ष राहुल को ही बनाया गया है।