{"_id":"6b03437c7e1aa291a00e840e","slug":"dehradun-death-of-a-sanitation-worker-from-the-mussoorie-municipal-body-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"देहरादून: मसूरी पालिका के सफाई कर्मी की मौत, हत्या या हादसे में उलझी पुलिस; वाहन की टक्कर से मौत की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देहरादून: मसूरी पालिका के सफाई कर्मी की मौत, हत्या या हादसे में उलझी पुलिस; वाहन की टक्कर से मौत की आशंका
Mon, 23 Nov 2026 01:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, देहरादून
अमर उजाला नेटवर्क, देहरादून
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 23 Nov 2026 01:03 AM IST
सार
इस मामले में सबसे अहम पहलू यह है कि पुलिस को मिली पहली सूचना में दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया गया था, जबकि शुरुआती जांच में वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका सामने आई है।
विज्ञापन
सफाई कर्मी सतीश
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
मसूरी नगर पालिका के सफाई कर्मी सतीश (28) की रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में पुलिस जांच हत्या और हादसे के बीच उलझी रही। पुलिस को सबसे पहले 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सतीश को उसके दोस्त ने मार डाला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला कुछ और ही नजर आया। पुलिस को आशंका है कि तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से सतीश की जान गई। हालांकि, मौत की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सतीश निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी के रूप में हुई है। रविवार रात करीब 10:16 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सतीश की उसके दोस्त ने हत्या कर दी है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी मौके से फरार हो गया है। इस पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
विज्ञापन
जांच में सामने आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत निवासी आईटीएम, लंढौर के साथ था। सरजीत महिंद्रा पिकअप चलाता है। बताया जा रहा है कि दोनों नशे में थे। शाम करीब सात से आठ बजे के बीच वे सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुंचे। यहां किसी अन्य व्यक्ति से उनकी बहस हो गई। इसके बाद दोनों वाहन से उतरे और पैदल चलते हुए पिकअप के पीछे की ओर चले गए। कुछ देर बाद दोनों वापस आए।
विज्ञापन
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इसके बाद सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और कुछ देर बाद वापस लौटा। इस दौरान वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। सड़क किनारे खड़े सतीश को संभवत: पिकअप का किनारा लग गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। ये हत्या है या हादसा कई आशंकाएं हैं, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
पहली सूचना और शुरुआती जांच के तथ्य अलग
इस मामले में सबसे अहम पहलू यह है कि पुलिस को मिली पहली सूचना में दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया गया था, जबकि शुरुआती जांच में वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सतीश की मौत महज दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी है। वाहन चालक सरजीत की भूमिका, घटनाक्रम और मौके की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
