उत्तराखंड में आज शनिवार को आपदा प्रबंधन दिवस पर करीब तीन सौ स्थानों पर मॉक ड्रिल की गई। इसमें आपदा से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया गया। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंच कर ऑनलाइन मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया।
उत्तराखंड: 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल, मसूरी में हवा में लटकी रोपवे ट्रॉली, टिहरी में भूकंप से स्कूल को नुकसान
आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने और राहत कार्यों में देरी रोकने के लिए आज प्रशासन अपनी तैयारियों को परख रहा है। अभ्यास के दौरान पर्यटकों की सुरक्षित निकासी से लेकर झील का जलस्तर बढ़ने जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को शामिल किया गया है। इसमें विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया, बचाव संसाधनों और आपसी तालमेल की क्षमता जांची जा रही है।
टिहरी: भूकंप से स्कूल भवन को नुकसान, 12 विद्यार्थियों का रेस्क्यू
तहसील जाखणीधार स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हल्के भूकंप के झटके महसूस होने और भवन को नुकसान पहुंचने की सूचना दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अभ्यास के दौरान 12 विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि चार विद्यार्थियों को गंभीर रूप से घायल दिखाया गया।
ऋषिकेश-मुनिकीरेती: बांध से छोड़ा 1000 क्यूसेक पानी, पांच लोगों का रेस्क्यू
सुबह 10:45 बजे आपदा नियंत्रण कक्ष टिहरी से सूचना मिली कि टिहरी बांध से निर्धारित समय के अनुसार 1000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद एसडीआरएफ ने विभिन्न घाटों पर अनाउंसमेंट कर उन्हें खाली कराया। नदी किनारे रहने वाले लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने और जरूरी सामान साथ ले जाने के लिए कहा गया। तेज बहाव में फंसे पांच लोगों को मोटर बोट और मैनुअल तरीके से सुरक्षित निकाला गया। इनमें तीन घायलों को अस्पताल भेजा गया, जबकि दो को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। मुनिकीरेती पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा राहत दल, जल पुलिस, नगर पालिका और मेडिकल टीम ने अभ्यास में हिस्सा लिया।।
ऋषिकेश-चंबा हाईवे: मलबे में दबा वाहन, दो लोग घायल
सुबह 11 बजे ऋषिकेश-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर मलबा आने से एक वाहन के दबने की सूचना दी गई। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और राजस्व विभाग की टीमें पहुंचीं। टाटा अल्ट्रोज में सवार नन्हे पुत्र मुकुंदी लाल और आकाश पुत्र कुंवरपाल घायल मिले। नन्हे की हालत गंभीर बताई गई। दोनों को 108 एंबुलेंस से नरेंद्रनगर अस्पताल भेजा गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो गया।
मसूरी: हवा में लटकी रोपवे ट्रॉली, पर्यटकों के रेस्क्यू का अभ्यास
मसूरी में शहीद स्थल से गन हिल जा रही पर्यटकों से भरी रोपवे ट्रॉली को हवा में फंसा हुआ दिखाया गया। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान ट्रॉली से पर्यटकों को सुरक्षित निकालने की व्यवस्था परखी गई।
हरिद्वार: 11 स्थानों पर बाढ़, भगदड़ और अग्निकांड की स्थिति में अभ्यास
हरिद्वार में आपदा प्रबंधन दिवस पर जिले के 11 अलग-अलग स्थानों पर मॉक ड्रिल की गई। इसमें बाढ़, भगदड़, अग्निकांड, भूकंप और सड़क दुर्घटना जैसी परिस्थितियां तैयार की गईं। प्रशासन और संबंधित विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखा गया।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड: कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी पहुंची, दो दिन तक विधानसभा वार प्रत्याशियों के नामों पर करेगी मंथन
नई टिहरी: 10 स्थानों पर मॉक ड्रिल, झील का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनाई नई टिहरी में जिले के 10 अलग-अलग स्टैटिक एरिया में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें टिहरी झील का जलस्तर अचानक बढ़कर खतरे के निशान के पार पहुंचने जैसी स्थिति को शामिल किया गया। अभ्यास के माध्यम से आपदा के दौरान संबंधित विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और बचाव कार्यों की क्षमता जांची गई
