एक छोटी सी लव स्टोरी... डेढ़ साल तक चला इश्क खूब गहराया। खुलकर इजहार भी किया। फिर अचानक आए ‘वो’ के शक ने इस जोड़े को हमेशा के लिए मौत के अंधेरे में गुम कर दिया। बेवफाई के शक में एक युवक ने मंगलवार को पहले प्रेमिका को गला रेतकर मार डाला, इसके बाद खुद फांसी पर लटककर आत्महत्या कर ली।
क्षेत्राधिकारी मसूरी बीएस चौहान ने बताया कि फौरी पड़ताल में पता चला है ये प्रेमी युगल थे। युवती की पहचान कशिश मान (19) निवासी नहरों वाली गली और युवक की पहचान कृष्णा मल्होत्रा (22) निवासी कैनाल रोड के रूप में हुई है। जिस फ्लैट में यह घटना हुई है, वह मृतक कृष्णा के जीजा परमवीर (निक्की) का है।
घटना की वजह के पीछे मोटे तौर पर जो कारण सामने आया है, उसके मुताबिक, कशिश पड़ोस के रहने वाले एक युवक से मिलती-जुलती थी। जब कृष्णा ने एक दिन कशिश और उस युवक को साथ देखा तो वह अपना आपा खो बैठा। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार तकरार भी हुई। कृष्णा के जीजा ने दो दिन पहले दोनों को बैठाकर समझाया भी था।
मगर, इसका कोई नतीजा नहीं निकला। मंगलवार सुबह कृष्णा ने कशिश को उन्हीं के फ्लैट पर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद खुद की कलाई भी काटकर जान देने की कोशिश की। कमरे में फैले खून को देखकर माना जा रहा है कि वह काफी देर तक कमरे में घूमता रहा। फिर उसने टूल बॉक्स से तार निकाला और पंखे के सहारे फांसी लगा ली।
मंगलवार की रात करीब नौ बजे फ्लैट स्वामी परमवीर उर्फ निक्की ने पुलिस को फोन किया। उन्होंने बताया कि वो रात साढ़े आठ बजे अपने जाखन स्थित इनफिनिटी एनक्लेव के फ्लैट पर पहुंचे, दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाने के बाद भी नहीं खुला, अंदर से कोई आवाज भी नहीं आ रही थी।