भतीजे को चाची से प्यार हुआ तो वह उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर जघन्य अपराध को अंजाम दे दिया। तीन दिन बाद मामले का खुलासा हुआ। जानकारी के मुताबिक आरोपी अपनी चाची की बड़ी बेटी से बस कुछ ही साल बड़ा है।
पत्नी के प्रेमी ने अवैध संबंध में बाधा बन रहे रिश्ते के चाचा की दोस्त के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। पूरे षड्यंत्र में शामिल रही चाची से प्रेमिका बनी महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन संदेह के आधार पर पुलिस ने प्रेमी के दोस्त को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा राज उगल दिया।
रविवार देर शाम ढालूवाला मजबता निवासी रीना ने सिडकुल थाने में अपने पति देवेंद्र उर्फ टीटू (40) पुत्र जागेंद्र सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई। पति पेशे से लोडर चालक है और 25 जनवरी को देहरादून से किसी कंपनी का सामान लेकर बहादराबाद आया था। फिर वह अपने गांव ढालूवाला मजबता चला गया। तब से उसका कुछ अतापता नहीं है।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद जांच शुरू की। संदेह के घेरे में आए देेवेंद्र के परिचित रवि पुत्र सुरेश निवासी ढालूवाला मजबता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोमवार को पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो रवि ने हकीकत उगल दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोमवार को शव गन्ने के खेत से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार महिला और उसके प्रेमी की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।