वोट के लिए नेता क्या-क्या जतन करते हैं, इसकी बानगी आज उत्तराखंड के पौड़ी में देखने को मिली। तस्वीरों में आप भी देखिए। उत्तराखंड की गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ने विधानसभा क्षेत्र पौड़ी में जनसंपर्क अभियान चलाया। शनिवार को गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी ने नलई गांव से जनसंपर्क अभियान शुरू किया। बता दें कि मनीष खंडूड़ी फेसबुक इंडिया न्यूज पार्टनरशिप हैड हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान केवर्स गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक खेत में हल चलाया। हल चलाकर उन्होंने कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को चौंका दिया।
इस दौरान ब्लाक मुख्यालय कल्जीखाल में आयोजित जनसभा में खंडूड़ी ने कहा कि उनके पिता गढ़वाल सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का केंद्र सरकार ने अपमान किया है। आजाद भारत की यह पहली घटना थी, जब रक्षा समिति के किसी अध्यक्ष को हटाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सेना के सम्मान के कसीदे गढ़ते फिरते हैं, लेकिन उन्होंने उत्तराखंड के इस ईमानदार जनरल की हमेशा उपेक्षा की है।
खंडूड़ी ने कहा कि पिता की ईमानदारी ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। ब्लाक प्रमुख कल्जीखाल व ब्लाक प्रमुख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे जनता समझ गई है। उन्होंने कहा कि कल्जीखाल कांग्रेस प्रत्याशी की जीत में अहम योगदान देगा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री सरिता नेगी, राजेंद्र शाह व प्रमुख कोट सुनील लिंगवाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही जन अपेक्षाओं पर खरी उतरी है।
2019 के चुनावी समर में भी पार्टी को बड़ी जीत मिलेगी। कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी ने सबदरखाल में भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, जिला प्रवक्ता संजय डबराल, पूर्व प्रमुख कोट नवल किशोर, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश ढौंडियाल, ब्लाक अध्यक्ष कल्जीखाल कांग्रेस कमेटी अर्जुन पटवाल, जिला प्रभारी आईटी विभाग नितिन रावत, केशवानंद आर्य व तामेश्वर आर्य आदि मौजूद थे।
ब्लाक मुख्यालय कल्जीखाल में आयोजित कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी की जनसभा में कई लोगों ने कांग्रेस का हाथ थामा। इसमें भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह नेगी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह पटवाल, पूर्व सचिव सहकारी समिति मनमोहन सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रधान संगठन जगपाल सिंह नेगी सहित लोग शामिल रहे। खंडूड़ी ने अभियान के दौरान केवर्स, टंगरोली, डांडा नागराजा, कापड़, घिण्डवाड़ा आदि स्थानों पर जनसंपर्क किया।