विकासनगर: 45 निजी स्कूलों की बसों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल, कहीं महिला परिचारक नहीं, कहीं पैनिक बटन गायब
स्कूल बसों के संचालन के लिए बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियम बनाए गए हैं। इनका मकसद सफर के दौरान बच्चों, खासकर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बावजूद इसके, देहरादून विकासगर के पछवादून के निजी स्कूलों की बसों में इन नियमों के पालन की स्थिति चिंताजनक है। कई जरूरी इंतजामों की कमी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
विस्तार
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाए गए नियम स्कूल संचालकों की लापरवाही के आगे बेअसर नजर आ रहे हैं। पछवादून के निजी स्कूलों में संचालित बसों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई बसों में महिला परिचारक से लेकर सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन तक की व्यवस्था नहीं है।
विकासनगर, सहसपुर और सेलाकुई क्षेत्र में 45 बड़े निजी स्कूल हैं। अधिकतर स्कूलों में बच्चों के आवागमन के लिए बस की सुविधा उपलब्ध हैं। स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग ने कई मानक निर्धारित किए हैं, लेकिन इनका पालन कराने की जिम्मेदारी जिन स्कूल संचालकों की है, वही नियमों को ताक पर रख रहे हैं। बसों में छात्राओं के सफर करने के बावजूद महिला परिचारक की तैनात नहीं है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, खिड़कियों पर ग्रिल जैसी जरूरी व्यवस्थाएं भी कई बसों में नदारद हैं।
नियमानुसार जिन स्कूल बसों में छात्राएं सफर करती हैं, उनमें महिला परिचारक की तैनाती अनिवार्य है। इसके साथ ही बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं होनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। आकस्मिक द्वार और खिड़कियों पर ग्रिल की व्यवस्था भी सुरक्षा मानकों का हिस्सा है।
पहले ढाई हजार जुर्माना, तीन बार उल्लंघन पर परमिट निरस्तीकरण की संस्तुति
परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एआरटीओ प्रवर्तन अनिल सिंह नेगी ने बताया कि स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। उल्लंघन पर कम से कम ढाई हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। इसके बाद प्रत्येक नियम के उल्लंघन पर दो-दो हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना जुड़ता है। तीन बार उल्लंघन में पकड़े जाने पर वाहन सीज करने या परमिट निरस्त करने की संस्तुति की जा सकती है। उन्होंने स्कूल संचालकों से सभी मानकों का पालन करने और अभिभावकों से बसों की सुरक्षा व्यवस्था जांचने की अपील की है। साथ ही नियमों की अनदेखी मिलने पर परिवहन विभाग को शिकायत करने को कहा है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: उधारी के पैसों से चल रहे प्रदेश के सौ से अधिक सरकारी अस्पताल, करोड़ों का बजट है अटका
आठ स्कूली वाहनों में मिलीं खामियां, छह सीज
परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने 19 नवंबर को स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया था। एआरटीओ प्रवर्तन अनिल सिंह नेगी और न्यायिक मजिस्ट्रेट जतिन मित्तल की निगरानी में हुई जांच के दौरान आठ स्कूली वाहनों में खामियां मिली थीं। इनमें छह स्कूल बसों और दो वैन में महिला परिचारक तैनात नहीं थी। छह बसों में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं मिले, जबकि दो बसों के आकस्मिक द्वार ठीक से नहीं खुल रहे थे। इसके अलावा दो बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले। एक बस में क्षमता से 10 और दूसरी में आठ बच्चे अधिक थे।
