देहरादून में लोग हाथ में बोतल लेकर पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन में लगे रहे। आगे जानिए...
बीती शनिवार रात पेट्रोल पंप संचालक के साथ हुई मारपीट के विरोध में रविवार को पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल पर चले गए। इससे हजारों लोगों को पेट्रोल पंपों से मायूस लौटना पड़ा। पंप संचालकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की गारंटी मिलने तक पंप बंद रखने का एलान किया। दोपहर में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पेट्रोल पंप खुले और लोगों को राहत मिली।
हड़ताल के दौरान शहर के ज्यादातर पंप जहां सूने पड़े रहे वहीं रेसकोर्स स्थित शक्तिमान फिलिंग स्टेशन और कांवली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप खुला रहा। दोपहर तक इन पंपों पर लोगों की भीड़ लगी रही। पेट्रोल पंप खुले होने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच गए। लोग वाहनों के साथ ही केन और बोतल लेकर भी तेल लेने पहुंचे।
पटेलनगर स्थित स्क्वायर डील फिलिंग स्टेशन के मालिक अमरकांत गोयल के साथ शनिवार देर रात कुछ युवकों ने मारपीट की थी। इसके विरोध में वह अन्य पेट्रोल पंप संचालकों के साथ शनिवार रात पटेलनगर बाजार चौकी पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने उन्हें जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लौटा दिया।
रविवार सुबह एक बार फिर गोयल और अन्य पंप संचालक चौकी पहुंचे और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बनाया। इसी बीच पेट्रोल पंप संचालक एसोसिएशन ने बैठक कर जिले के सभी पेट्रोल पंपों को बंद रखने का एलान किया और पेट्रोल पंपों पर तेल मिलने बंद हो गए।