महाशिवरात्रि स्नान पर्व की पूर्व संध्या पर ही कुंभनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार को हरकी पैड़ी समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हरकी पैड़ी क्षेत्र से सटी चमकादड़ टापू और पंडित दीनदयाल पार्किंग वाहनों से खचाखच हो गई।
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शाम को साढ़े छह से आठ बजे के बीच में ही करीब साढ़े तीन लाख श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। विभिन्न पार्किंग में सात हजार वाहन खड़े हो चुके थे।
यह भी पढ़ें... हरिद्वार महाकुंभ 2021: महाशिवरात्रि पर सात संन्यासी अखाड़ों के साथ किन्नर करेंगे पहला शाही स्नान
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर बुधवार को ही प्रदेश सरकार ने कोविड एसओपी लागू कर दी है। मेला प्रशासन ने आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी थी। इसके साथ जिला प्रशासन ने राज्य सीमा में थर्मल स्क्रीनिंग और रैंडम सैंपलिंग बढ़ा दी।
यह भी पढ़ें... कुंभ 2021: आचार्य महामंडलेश्वरों की अगुवाई में चलेगा संतों का रेला, स्नान के लिए समय और रूट प्लान जारी...
मंगलवार से श्रद्धालु कुंभनगरी पहुंचना शुरू हो गए थे। यह सिलसिला बुधवार शाम तक भी जारी रहा। निजी वाहनों और प्राईवेट टैक्सी से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक थी। बसों और ट्रेनों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। शाम तक आलम यह था कि धर्मशालाएं और लॉज यात्रियों से पैक हो गई।
2 of 5
हरकी पैड़ी
- फोटो : अमर उजाला
गंगा घाटों और अखाड़ों के अन्न क्षेत्रों में दिनभर बाहर से आए श्रद्धालुओं को तांता लगा रहा। अपर रोड और आसपास के बाजारों में यात्रियों की काफी भीड़ रही। महाशिवरात्रि पर्व पर मेला पुलिस ने 10 लाख के करीब श्रद्धालु पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह आंकड़ा 10 लाख की संख्या को पार कर सकता है।
3 of 5
हरकी पैड़ी
- फोटो : अमर उजाला
पहले शाही स्नान के लिए हरकी पैड़ी सज-धजकर तैयार है। बुधवार को यहां अलग ही नजारा दिखा। एक तरफ जहां महाशिवरात्रि के लिए कांवड़िए गंगाजल भरकर रवाना हो रहे थे तो दूसरी ओर स्नान के लिए भी श्रद्धालु पहुंच रहे थे। चप्पे-चप्पे पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के बीच दिनभर हरकी पैड़ी क्षेत्र बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।
4 of 5
हरकी पैड़ी
- फोटो : अमर उजाला
महाशिवरात्रि के शाही स्नान से एक दिन पहले हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं के लिए कोई पाबंदी नहीं थी। लिहाजा हरकी पैड़ी समेत विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने एक दिन पहले ही गंगा स्नान कर लिया गया। वहीं, पहले शाही स्नान के लिए पूरा हरकी पैड़ी क्षेत्र भगवामय नजर आ रहा है। जगह-जगह दीवारों और पुलों पर धार्मिक पेंटिंग बनाई गई है।
5 of 5
हरकी पैड़ी में श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर हरकी पैड़ी पर हुई गंगा आरती में बड़ी संख्या में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इनमें अधिकांश लोग ऐसे रहे, जो सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर आदि जनपदों से महाशिवरात्रि पर गंगा जल लेने पहुंचे थे। इन लोगों ने जल उठाने से पहले गंगा स्नान किया और बाद में गंगा आरती के साक्षी बने। इससे हरकी पैड़ी पर शाम को भारी भीड़ नजर आई।