दिल्ली में कई दिन से चल रहे किसान आंदोलन को लेकर सोमवार को उत्तराखंड आम आदमी पार्टी का गुस्सा सामने आ गया। कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलित किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया।
हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच नोंकझोक हुई। आप पार्टी ने कहा कि अपने हितों के लिए आवाज उठा रहे किसानों पर भाजपा सरकार लाठियां बरसा रही है। किसानों का शोषण किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोमवार को आप के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता ने किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए कृषि बिल के विरोध प्रदर्शन किया। कालीदास रोड में एकत्रित होकर सीएम आवास का घेराव करने के लिए जा रहे आप पार्टी कार्यकर्ताओं को पुसिल ने हाथीबड़कला के पास रोका। इस दौरान आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ नोंकझोक हुई।
इसके बाद कार्यकर्ता बीच सड़क पर बैठे गए। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आप प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों का शोषण कर रही है। किसान विरोधी कृषि बिल लागू कर सरकार ने किसानों और जवानों को आमने सामने खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार किसान विरोधी निर्णय ले रही है।
आप पार्टी किसानों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेगी। शीघ्र ही केंद्र सरकार किसान हित में कृषि बिलों को वापस ले। इस मौके पर आप प्रवक्ता रविंद्र आनंद, उमा सिसोदिया, सुवर्धन शाह, विनोद कपरवाण,सतीश शर्मा, हिमांशु पुंडीर, योगेंद्र चौहान,कुलदीप सहदेव,राजेश शर्मा, बलबीर नेगी, रिटायर्ड मेजर रविंद्र बिष्ट, दीपक सहलवान, रवि बांगिया,सरिता गिरी, वसीम, डिंपल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।