बदरीनाथ, हेमकुंड, औली, गोरसों बुग्याल के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार को बर्फबारी हुई। जिससे जिले में ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को सुबह से ही जिले में धूप खिली हुई थी। लेकिन दोपहर बाद अचानक ऊंचाई वाले क्षेत्रों से आसमान में बादल छाने के साथ ही बर्फबारी शुरु हुई।
औली के शीर्ष भाग तक ही बर्फबारी हुई है। हालांकि देर शाम तक मौसम सामान्य हो गया था। मौसम में आए बदलाव से बदरीनाथ के साथ ही नीती और माणा घाटी में भी ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में पांच घंटे से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। धाम में करीब तीन इंच बर्फ जम चुकी है। पैदल पड़ावों पर भी हल्का हिमपात हुआ है।
मंगलवार को सुबह से मौसम साफ था। इस दौरान चटक धूप खिली हुई थी। लेकिन पूर्वान्ह 11.30 बजे से मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी और दोपहर 12 बजे से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में तेज हो गई। करीब आधा घंटे बाद बर्फबारी हल्की हुई। इसके बाद देर शाम तक रुक-रुककर बर्फ गिरती रही।
मंदिर क्षेत्र सहित केदारपुरी में चारों तरफ तीन इंच बर्फ जम चुकी है। खराब मौसम के कारण केदारनाथ क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां शाम साढ़े चार बजे अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियश पर पहुंच गया था।
यहां मौजूद पुलिस चौकी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि बीते बीते दस दिनों से दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हो रही है। लेकिन आज पांच घंटे से अधिक बर्फबारी हुई है। इधर, जिला मुख्यालय सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी दोपहर बाद घने बादल छा गए थे, जिससे बारिश की संभावना बनी हुई है।