श्री गंगा सभा ने विधि विधान और मंत्रोच्चार के साथ हरकी पैड़ी पर धर्मध्वजा की स्थापना की। इससे पहले तीर्थ पुरोहितों ने कुशावर्त घाट से शंखनाद करते हुए घंटों और घड़ियालों की ध्वनि के साथ भव्य धर्मध्वजा यात्रा निकाली। स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों ने धर्मध्वजा का स्वागत किया। तीर्थ पुरोहितों कुंभ मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए गंगा मैया से प्रार्थना की।
आईजी कुंभ संजय गुंज्याल भी धर्मध्वजा यात्रा में शामिल हुए। धर्मध्वजा पताका के साथ तीर्थ पुरोहितों सुभाष घाट, मोती बाजार, सब्जी मंडी, रामघाट विष्णुघाट, बिरला पुल, ललतारौ पुल, वाल्मीकि चौक, पोस्ट ऑफिस, अपर रोड होते हुए हरकी पैड़ी पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपने घरों की छतों से धर्मध्वजा को नमन करते हुए पुष्पवर्षा की। स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने हर हर महादेव और जय गंगे मैया के जयकारों के साथ धर्मध्वजा का स्वागत किया। यात्रा में मां गंगा के अलावा भव्य झांकियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी। हरकी पैड़ी पहुंचने के बाद विधि विधान से ब्रहमकुंड के पास धर्मध्वजा स्थापित की गई। श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने धर्मध्वजा स्थापित होने के बाद कहा कि मां गंगा के आशीष से दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुंभ का आयोजन होगा। उन्होंने श्री गंगा सभा कुंभ मेला के आयोजन में पूरा सहयोग करेगी।
2 of 5
धर्म ध्वजा लेकर जाते तीर्थ पुरोहित
- फोटो : अमर उजाला
श्री गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा ने भी धर्मध्वजा स्थापित किए जाने की पुरानी परंपराओं के बारे में बताया। शोभायात्रा के दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने श्री गंगा सभा के अध्यक्ष, महामंत्री, सभापति को फरसा भेंट किया। यात्रा में सभापति कृष्ण कुमार ठेकेदार, उपसभापति सुरेंद्र सिखौला, पराग मिश्रा, शिवकुमार बेमगपुरिया, अनिल सिखौला, अखिलेश शिवपुरी, नितिन गौतम, नितिन शर्मा माना, आदि शामिल रहे।
3 of 5
धर्म ध्वजा लेकर जाते तीर्थ पुरोहित
- फोटो : अमर उजाला
पर्यावरण समिति हरिद्वार धर्मध्वजा का भव्य स्वागत किया। समिति के महामंत्री और पूर्व मेयर मनोज गर्ग और आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने तीर्थ पुरोहितों पर पुष्पवर्षा की। समिति ने श्रद्धालुओं और हरिद्वार वासियों से प्लास्टिक और पॉलीथिन मुक्त कुंभ के लिए सहयोग की अपील की।
4 of 5
धर्म ध्वजा की पूजा करते तीर्थ पुरोहित
- फोटो : अमर उजाला
श्री गीता विज्ञान आश्रम के परमाध्यक्ष और निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ पर्व आध्यात्मिक आस्था, राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए धर्मात्माओं की दीक्षा के रूप में आयोजित किया जाता है और हरिद्वार में आयोजित हो रहा कुंभ मेला अब तक संपन्न हुए सभी पर्वों से अद्वितीय होगा।
5 of 5
धर्म ध्वजा लेकर जाते तीर्थ पुरोहित
- फोटो : अमर उजाला
निरंजनी अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि एसएमजेएन पीजी कॉलेज परिसर स्थित श्री निरंजनी अखाड़ा की छावनी पहुंचे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत नरेंद्रगिरि, श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्रपुरी और अखाड़े के सचिव श्रीमहंत राम रत्न गिरि ने उनका स्वागत किया। आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि ने कहा कि आज से हरिद्वार में कुंभ का आगाज हो गया है।