महाशिवरात्रि के मौके पर गुरुवार काे तड़के चार बजे से तीर्थनगरी में महाकुंभ का पहला शाही स्नान हो रहा है। जिसके लिए कुंभ नगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी सहित अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ आया।
महाकुंभ 2021 शाही स्नानः उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री ने कुछ इस तरह किया संतों का स्वागत, लिया आशीर्वाद, तस्वीरें
बिना किसी तय कार्यक्रम के प्रदेश के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत अपनी पत्नी रश्मि त्यागी रावत के साथ शैव अखाड़ों के शाही स्नान पर हरकी पैड़ी पहुंचे तो संत हैरान रह गए। पहले मुख्यमंत्री के संतों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करने के कयास लगाए जा रहे थे। नए मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर संत भी गदगद हो गए। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि, अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत नरेंद्र गिरि और तपोनिधि अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर बालकानंद गिरि ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हरकी पैड़ी पर पत्रकारों को बताया कि मां गंगा देशभर के श्रद्धालुओं की अपार आस्था का केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि स्नान के लिए बुधवार रात से ही श्रद्धालु कुंभनगरी पहुंचना शुरू हो गए थे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसके लिए सरकार, मेला प्रशासन और पुलिस ने तमाम इंतजाम किए गए थे। उन्होंने बताया कि अलसुबह भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया और सुरक्षित घर को लौट गए। मुख्यमंत्री ने बताया शैव अखाड़ों का शाही स्नान भी सकुशल संपन्न हुआ।
श्री गंगा सभा ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, स्वागत अध्यक्ष सिद्धार्थ च्रकपाणी और युवा तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष उज्जवल पंडित ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी को गंगाजली, प्रसाद और चुनरी भेंट की। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्नान के लिए की गईं व्यवस्थाएं भी देखीं। उन्होंने मेला अधिकारियों से अखाड़ों के क्रमवार स्नान के बारे में जानकारी ली। यह भी पूछा कि स्नान के दौरान किसी अखाड़े को कोई समस्या तो नहीं आई।