गुरु पर्व पर नगर कीर्तन से पहले ही यहां घरों से अर्थियां निकली। हादसा इतना दर्दनाक था कि पूरा गांव फूट-फूट कर रोया। तस्वीरें आपकी आंखें भी नम कर देंगी।
नगर कीर्तन के दौरान दो पक्षों में हुए संघर्ष में दो लोगों की हत्या के आरोप में मुख्य हत्यारोपी हरजीत सिंह उर्फ काला, तरसेम सिंह और गुरपेज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौथे आरोपी बलजीत सिंह उर्फ जीता का अब भी पुलिस सुरक्षा में हल्द्वानी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो आरोपी फरार हैं।
फरार आरोपियों के घरों से करीब 17 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते के अनुसार दोहरे हत्याकांड के आरोपियों पर पुलिस रासुका की कार्रवाई करने की तैयारी में है। जयमल हत्याकांड के सभी हत्यारोपियों की जमानत खारिज कराकर उन्हें फिर से सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फरार हत्यारोपियों को इनामी घोषित किया जाएगा।
नगर कीर्तन के दौरान रविवार को तलवार, गडासे के वार से दलजीत सिंह और हरबंश सिंह की एक पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी थी। इसके मूल में एनएच-74 की जद में आई जमीन के मुआवजे को लेकर जनता फार्म और दड़हा के दो परिवारों में उपजी दुश्मनी बताई जा रही है।
तीन दशक पहले दो परिवारों ने आपसी रजामंदी से खेत की मेड़ सीधी करने के लिए जमीन की अदला-बदली कर ली, लेकिन जमीन मूल खातेदारों के नाम ही रही। इस बीच बाईपास हाइवे के लिए आधा बीघा जमीन अधिग्रहित हुई तो दशकों से भूमि जोत-बो रहे जयमल सिंह की जमीन भी चली गई और मुआवजे की रकम जगीर सिंह को मिली।