आखिरकार प्रभु श्री राम ने अहंकारी रावण के प्राण हर लिए। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित दशहरे के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शिरकत की। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। शहर के बीचोंबीच परेड ग्राउंड में दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की ओर आयोजित 71वें दशहरा महोत्सव के लिए कमेटी की ओर से रावण का 60 फीट का पुतला और तीन मंजिल ऊंची लंका का निर्माण किया गया है। जिसका दहन और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
वहीं ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट पर रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां आयोजित दशहरा मेले में भारी भीड़ उमड़ी। रावण के दहन के बाद लोगों ने जय श्री राम ने नारे लगाए।
इस दौरान त्रिवेणी घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन भी किया। आरती देखने के लिए यहां देश-विदेश के लोग भी पहुंचे थे।
श्रीराम लीला कला समिति की ओर से देहरादून में दरबार साहिब के पास स्थित बड़ा तालाब में लंका दहन किया गया। यहां सुनहरे रंग की लंका समेत रामसेतु भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। समिति के अध्यक्ष राकेश महेंद्रू ने बताया कि 40 फीट ऊंची लंका का दहन शुक्रवार शाम को हनुमान द्वारा किया गया।
देहरादून के प्रेमनगर में दशहरा कमेटी की ओर से भी 52 फीट के रावण के पुतले का दहन किया गया। साथ ही मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन हुआ।