कैश में कार खरीदी है तो अब परेशान होने के लिए तैयार हो जाइए। नोटबंदी के दौरान कैश में कार खरीदने वालों पर आयकर विभाग ने शिकंजा कस दिया है।
शहर के 300 से ज्यादा ऐसे लोगों को विभाग ने नोटिस भेजा है। उनसे कार खरीद में खर्च की गई रकम का पूरा ब्यौरा तलब किया गया है। इसके अलावा शहर के अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब्स को भी नोटिस भेजे गए हैं।
आयकर विभाग नोटबंदी के दौरान हुए कैश के लेन-देन की बारीकी से पड़ताल कर रहा है। इसके तहत शहर में 300 से ज्यादा ऐसे लोग सामने आए हैं, जिन्होंने नोटबंदी होने के बाद कैश में कार खरीदी। इसमें चार लाख से 35 लाख तक की कार खरीदने वाले शामिल हैं।
ऐसे 300 से ज्यादा लोगों को आयकर विभाग ने चिह्नित करने के बाद नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। इसमें पूछा गया है कि इतना कैश उनके पास कहां से आया ? नोटिस जाने के बाद कार खरीदारों में हड़कंच मचा हुआ है।
उधर, आयकर विभाग ने शहर के 50 से ज्यादा निजी अस्पताल, पैथोलॉजी लैब्स और नर्सिंग होम को भी नोटिस भेजा है। इनसे भी नोटबंदी के दौरान जमा किए गए कैश और अन्य लेन-देन का ब्यौरा मांगा गया है।