भाजपा मंत्री अपने ननिहाल और विधानसभा क्षेत्र पहुंचे ही थे कि महिलाओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद जो हुआ वो आगे देखिए...
उत्तराखंड में भाजपा मंत्री और महिलाओं के बीच हुई धक्का-मुक्की,नारेबाजी कर खूब दौड़ाया,तस्वीरें देखिए
उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं प्रोटोकोल राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत को सोमवार को अपने विधान सभा क्षेत्र में महिलाओं का जबरदस्त विरोध झेलना पड़ा। सड़क के लिए पेड़ काटने का विरोध कर रही महिलाओं ने जब मंत्री का रास्ता रोका, तो धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। अधिकारी और मंत्री के समर्थक बड़ी मुश्किल से मंत्री को भीड़ के बीच से निकालकर ले गए। राज्य मंत्री और महिलाओं के बीच खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यहां तक कि घटना पर व्यंग्यात्मक गीत भी बन गए हैं।
रविवार को श्रीनगर में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राज्य मंत्री धन सिंह रावत लाव-लश्कर के साथ चाकीसैंण तहसील के चोपड़ा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने एक किलोमीटर लंबे चोपड़ा-खंडखिल मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के बाद वह अपने मामा से मिलने ननिहाल खंडखिल गांव की ओर पैदल मार्ग से रवाना हुए। जैसे ही वह आगे बढ़े, पुरुषों के साथ खड़ी चोपड़ा गांव की कुछ महिलाओं ने उनका रास्ता रोक दिया। महिलाएं रास्ते के लिए जंगल काटने का विरोध कर रही थीं।
मारपीट और धक्कामुक्की जैसी कोई घटना नहीं हुई है। तोड़-मरोड़कर वीडियो वायरल किया गया। यह कांग्रेस की सोची-समझी चाल है। कांग्रेस के कुछ लोग नहीं चाहते हैं कि खंडखिल में रोड जाए, जबकि अधिकतर लोग चाहते हैं कि गांव तक सड़क का निर्माण हो। उक्त क्षेत्र में न तो इनके खेत हैं और न ही इनके जंगल। सड़क सबका अधिकार है।
-डा. धन सिंह रावत, राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार