बाबा रामदेव ने आज पतंजलि के नए मिल्क प्रॉडक्ट लॉन्च किए। जिनमें सबसे खास रहा टेट्रा दूध जो छह माह तक खराब नहीं होगा। पतंजलि अब दूध के क्षेत्र में भी अपनी धाक जमाने जा रहा है।
सोमवार को पंतजलि योगपीठ की ग्राम दौलतपुर स्थित गोशाला में पत्रकारों से वार्ता करते हुए योग गुरु स्वामी रामदेव ने पतंजलि का टोंड दूध और उससे बने पदार्थ लांच करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह पतंजलि गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के विश्वास पर खरा उतरते हुए बेहतर खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएगा।
आज शाम पत्रकारों से वार्ता करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि आने वाले समय में पतंजलि अपना टोंड मिल्क बाजार में उतारने जा रहा है। गाय का यह दूध पूरी तरह से प्राकृतिक है। यह दूध अन्य ब्रांड से चार रुपए सस्ता होगा। इसकी कीमत 40 रुपए पति लीटर होगी। जिससे ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी। कहा कि किसानों को दूध का सही मूल्य मिल सके इसके लिए भी पतंजलि दूध के क्षेत्र में आगे आया है।
पतंजलि किसानों से सीधे दूध खरीदकर बाजार में बेचता है और उसका किसानों के खातों में पैसा डालकर भुगतान करता है। राजस्थान, महाराष्ट्र और मेरठ में उनकी अपनी दूध की डेरियां हैं। जहां किसानों से दूध खरीदकर एकत्र किया जाता है। 15 हजार किसानों से प्रतिदिन 4 लाख लीटर दूध खरीदा जा रहा है, जो आने वाले समय में 10 लाख लीटर करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि दूध की अन्य कंपनियां भारत की हैं, लेकिन प्रतिद्वंद्विता के क्षेत्र में उनसे हमारा मुकाबला रहेगा। महंगाई की मार से राहत दिलाने के लिए पतंजलि दूध के क्षेत्र में आगे आई है। इसलिए पतंजलि के दूध की कीमत 40 रुपये प्रति लीटर रहेगी।