मेले में अपने बीच बिग बी अमिताभ को देख फैंस फूले नहीं समाए। चौंकिए मत, दरअसल वे अमिताभ नहीं उनके हमशक्ल थे। लेकिन लोग उन्हें एक झलक देखते ही पहचान नहीं पाए। उत्तराखंड के चमोली में गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक विकास मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में मुंबई से आए अमिताभ बच्चन के हमशक्ल शशिकांत पेडवाल ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। मेले की सांस्कृतिक संध्या में जब अमिताभ बच्चन के हमशक्ल शशिकांत पेडवाल पहुंचे, तो पांडाल में बैठे हजारों लोग उनके सम्मान में खड़े हो गए।
पेडवाल ने अमिताभ बच्चन की आवाज में ही लोगों का अभिवादन किया। पेडवाल ने अमिताभ बच्चन की आवाज व अंदाज में पल-पल दिल के पास तुम रहती हो..., रंग बरसे भीगी चुनर वाली रंग बरसे..., छोरा गंगा किनारे वाला खाई के पान बनारस वाला... सहित कई बेहतरीन गाने गाए। उन्होंने बिग की सुपरहिट फिल्म डॉन, जंजीर, शोले सहित कई फिल्मों के डायलॉग सुनाए।
केबीसी की तर्ज पर मेले में आयोजित ‘कौन करेगा कमाल’ कार्यक्रम में उन्होंने दर्शकों से हॉट सीट पर कई सवाल भी पूछे और सही जवाब देने वाले दर्शकों को पुरस्कार के चेक भी दिए। मेला में पहुंचे शशिकांत ने कहा कि वे बिग-बी के फैन हैं और वे बिग बी की आवाज में एक पूरी फिल्म भी रिकार्ड कर चुके हैं।
इससे पहले जिला प्रशासन की पहल पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए महिलाओं ने अलकनंदा नदी पर रिवर रॉफ्टिंग की। डीएम स्वाति एस भदौरिया की अगुवाई में बाल विकास एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अलकनंदा नदी पर रानौं पुल से राफ्टिंग कराई गई। डीएम ने कहा कि रॉफ्टिंग का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण के लिए प्रेरित करना है।
शाम के समय गौचर मेले में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक अमित सागर व हीरा सिंह राणा के गीतों की धूम मची। अमित सागर के गीत चैता की चैत्वाल्या व हीरा सिंह के रंगीली बिंदी घाघरी काई...गीत पर लोग देर शाम तक झूमते रहे। सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकास की इस यात्रा में परिवर्तन होते रहेंगे, लेकिन गौचर मेले को जो भव्य और अभूतपूर्व स्वरूप दिया गया है उससे यह मेला यादगार बन गया है।