इंडियन प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों की नीलामी को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। ट्रेड विंडो हाल ही में खुली थी और फ्रेंचाइजी ने इस दौरान कई खिलाड़ियों को बरकरार रखा तो कई को बाहर का रास्ता दिखाया।
दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब ने दिग्गज बल्लेबाजों गौतम गंभीर व युवराज सिंह को रिलीज करके फैंस को हैरान कर दिया। अब फ्रेंचाइजी के इस कदम को टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता संदीप पाटिल का साथ मिला है।
पाटिल के हवाले से क्विंट ने कहा, 'आईपीएल फ्रेंचाइजी द्वारा भारत के स्टार खिलाड़ियों को बाहर करने के बारे में पढ़कर बहुत दुख होता है, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो मुझे किसी प्रकार की हैरानी नहीं हैं। युवराज और गौतम मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी का मालिक होने के नाते अगर मुझे चुनना होता कि उन्हें टीम में रखना है तो मैं भी उन्हें बाहर करता।'
पता हो कि कोलकाता नाइटराइडर्स को दो बार चैंपियन बनाने के बाद पिछले साल गंभीर की दिल्ली डेयरडेविल्स में वापसी हुई थी। हालांकि, पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा, जिसकी वजह से इस साल उन्हें टीम ने रिलीज कर दिया। इसी प्रकार युवराज सिंह को किंग्स इलेवन पंजाब ने रिलीज कर दिया है।
आईपीएल में खिलाड़ियों की नीलामी जल्द ही होनी है और ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि कोई फ्रेंचाइजी इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों को खरीदने में दिलचस्वी दिखाएगी। गंभीर और युवी को फ्रेंचाइजी का मिलना मुश्किल नजर आ रहा है क्योंकि दोनों ही उम्रदराज हो चुके हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों को आईपीएल में खरीददार नहीं मिलेगा और इसके साथ ही दोनों के आईपीएल करियर पर विराम लगेगा।