टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज और मौजूदा रणजी सीजन का जबरदस्त आगाज करने वाले यूसुफ पठान ने मध्यप्रदेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। इंदौर में यूसुफ पठान ने दोनों पारियों में शतक लगाया। हालांकि वह बड़ौदा को मैच में जीत नहीं दिला सके।
यूसुफ पठान की बेहतरीन पारियों के बावजूद बड़ौदा को रणजी ट्राफी ग्रुप सी क्रिकेट मैच में मध्यप्रदेश के हाथों आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पहली पारी में पठान ने 125 गेंदों में 6 छक्के और 13 चौके की मदद से 111 रन बटोरे। जबकि दूसरी पारी में 154 गेंदों में 7 छक्के और 16 चौके की मदद से नाबाद 136 रन की शानदार पारी खेली।
मैच के तीसरे दिन बड़ौदा की पहली पारी के दौरान यूसुफ पठान और उनके छोटे भाई कप्तान इरफान पठान बल्लेबाजी कर रहे थे। तभी मध्य प्रदेश के स्पिनर मिहिर हिरवानी के साथ युसुफ की बहस हो गई। मामला था कि वह हिरवानी की गेंद पर रन लेने के लिए दौड़े थे। मगर उन्हें लगा कि वह गेंदबाज उनका रास्ता रोक रहा है। इसी बीच फील्डर अंकित शर्मा ने रन आउट करने के लिए थ्रो किया। मगर वह थ्रो यूसुफ के हाथ पर लग गया।
यूसुफ ने दरअसल हिरवानी पर कुछ कमेंट किया। हिरवानी ने भी पलट कर उसका जबाव दिया। फिर दोनों में जोरदार बहस होने लगी। आखिरकार अंपायरों के साथ ही मध्यप्रदेश के कप्तान देवेंद्र बुंदेला और साथ बल्लेबाजी कर रहे इरफान ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। इसके बाद यह विवाद क्रिकेट प्रेमियों में चर्चा का विषय बन गया है। कई लोग यूसुफ को इसमें दोषी मान रहे हैं तो कई इसे खेल का एक हिस्सा बता रहे हैं।
बता दें कि मध्य प्रदेश ने पहले खेलते हुए 8 विकेट खोकर 551 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में बड़ौदा की टीम 302 रन पर सिमट गई और फॉलोऑन करते हुए 318 रन का स्कोर ही बना पाई।