टीम इंडिया के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने विराट कोहली की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निरंतरता की तारीफ की है। विराट ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए दूसरे वन-डे में करियर का 39वां शतक जमाया और टीम इंडिया को 6 विकेट की जीत दिलाते हुए सीरीज 1-1 से बराबर की।
कोहली ने 104 रन की पारी खेली, जिसकी मदद से टीम इंडिया ने 299 रन का लक्ष्य चार विकेट खोकर सफलतापूर्वक हासिल किया। अब दोनों देशों के बीच शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर सीरीज का निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। एमएस धोनी ने एडिलेड में छक्का जमाकर दोनों टीमों का स्कोर बराबर किया और अपना अर्धशतक पूरा किया। टीम इंडिया ने चार गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल किया। दिनेश कार्तिक ने भी 14 गेंदों में नाबाद 25 रन की उम्दा पारी खेली।
3 of 6
सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली
कोहली के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब कुल 64 शतक जमाए हैं। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जमाने वाले विश्व के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में सचिन तेंदुलकर 100 शतकों के साथ शीर्ष पर हैं जबकि रिकी पोंटिंग 71 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
अजहरूद्दीन ने स्पोर्ट्स तक से बातचीत में कोहली की तारीफ करते हुए कहा, 'कप्तान विराट की निरंतरता शानदार हैं। अगर वह फिट रहे तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 100 शतक जरूर पूरे करेंगे। निरंतरता की बात की जाए तो वह कई दिग्गज खिलाड़ियों से काफी आगे हैं। वह महान खिलाड़ी हैं और जब भी शतक जमाते हैं तो टीम इंडिया कम ही हारती है।'
अजहर ने पूर्व कप्तान धोनी की मैच विजयी पारी की भी तारीफ की और कहा, 'आप देखिए कि जब भी शीर्ष तीन बल्लेबाजों ने प्रदर्शन किया है तो हम मैच जीते हैं। दुर्भाग्यवश पिछले मैच में हमने जल्दी विकेट गंवा दिए। रोहित शर्मा ने शतक जरूर जमाया, लेकिन हम हार गए। मगर एडिलेड में विराट और एमएस धोनी ने गजब की बल्लेबाजी की। धोनी अंत में थोड़े थके हुए नजर आए, लेकिन उन्होंने अपना विकेट सुरक्षित रखा। दिनेश कार्तिक ने भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम का प्रदर्शन जानदार रहा।'