टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के लिए आईपीएल सीजन-11 बेहद खराब रहा है। शानदार क्रिकेट खेलने के बावूजद आईपीएल में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अपने प्रदर्शन का स्तर उठाने में नाकामयाब रही है। इसी बीच कप्तान विराट कोहली ने पहली बार टीम इंडिया में अपने सेलेक्शन के दिनों और ड्रेसिंग रूम में अपनी पहली एंट्री को याद किया।
कोहली ने बताया, 'मैंने टीम इंडिया में अपने सेलेक्शन की खबर टीवी पर देखी थी। उस वक्त मैं अपनी मां के साथ टीवी देख रहा था। पांच मिनट बाद ही मेरे पास बोर्ड की तरफ से फोन आया और वे मुझे सेलेक्शन होने की बधाई देने लगे। उस वक्त मानो मेरे हाथों के रोंगटे खड़े थे और मैं इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहा था।'
कोहली ने कहा, 'मुझे अपनी पहली टीम मीटिंग अच्छे से याद है। मुझसे सबसे सामने टीम रूम में स्पीच देने के लिए कहा गया था। उस दिन वहां मौजूद क्रिके के महान खिलाड़ियों के सामने मैं घबरा गया था। सब मेरी तरफ ही देख रहे थे। आज भी हम नए खिलाड़ियों को नर्वस करने के लिए ऐसा करते हैं। यही टीम के साथ मेरी पहली याद है।'
गौरतलब है कि साल 2008 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद 18 अगस्त 2008 को कोहली ने वनडे में पहली बार टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। इसी दिन विराट नीली जर्सी में मैदान पर उतरे थे। वहीं साल 2010 में कोहली ने अपने टी-20 करियर की शुरुआत। वहीं टेस्ट में उनकी पारी आगाज साल 2011 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ हुआ।
टीम इंडिया के साथ साल 2008 से जुड़े बल्लेबाज विराट कोहली ने टीम के कप्तान तक का सफर तय कर लिया है। इस बीच विराट कोहली ने तमाम रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। मौजूदा समय में विराट कोहली दुनिया के सबसे सफल खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।