टीम इंडिया विश्व कप के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पहली सीरीज खेलेगी। जिसकी शुरुआत आज फ्लोरिडा में खेले जाने वाले पहले टी-20 मुकाबले से होगी। विंडीज की टीम इस छोटे फॉर्मेट की बादशाह मानी जाती है। उनके खिलाड़ियों को टी-20 बेहद ही रास आता है। ऐसे में अगर भारतीय टीम को कैरेबियाई टीम को पटखनी देनी है, तो उसके इन पांच खिलाड़ियों का चलना बेहद ही जरूरी होगा। टीम इंडिया के अगर ये पांच खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया, तो कप्तान कोहली की टीम विजय के साथ इस दौरे का शुभारंभ करेगी। आइए जानते हैं उन पांच खिलाड़ियों के बारे में जिनके प्रदर्शन पर टीम इंडिया की जीत निर्भर करती है।
इन पांच जांबाजों पर होगी पूरे हिंदुस्तान की नजरें, विंडीज के खिलाफ पहला टी-20 आज
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा सफेद गेंद की क्रिकेट में गजब के फॉर्म में चल रहे हैं। विश्व कप में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी। टूर्मामेंट में 648 बनाकर रोहित शीर्ष स्कोरर रहे हैं। रोहित अगर आज के मैच में चल गए तो फिर विंडीज के गेंदबाजों के लिए आफत आ जाएगी। उनकी खास बात यह है कि वह छोटी गेंदों को बेहतर तरीके से खेलते हैं और रन बटोरते हैं।
शिखर धवन
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन विश्व कप के दौरान अंगूठे में लगी चोट से उबरकर टीम इंडिया के खेमे में वापसी कर रहे हैं। शिखर धवन ने भी विश्व कप में शानदार बल्लेबाजी की थी, लेकिन चोट की वजह से उन्हें बीच टूर्नामेंट से ही बाहर होना पड़ा था। धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक ठोका था, लेकिन उसके बाद के मैच में वह चोट के कारण नहीं खेल सके। विंडीज के खिलाफ धवन अपने पुराने फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे और गब्बर वाले अंदाज में लौटना चाहेंगे।
विराट कोहली
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली तो अपने बेहतरीन फॉर्म में हैं ही। विश्व कप में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की थी। विराट पर कप्तानी के साथ मिडिल आर्डर को भी संभालने की जिम्मेदारी होगी। कोहली ने अब तक खेले 67 टी-20 मैच में 2263 रन बनाए हैं।
रवींद्र जडेजा
टीम इंडिया के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा छोटे फॉर्मेट के स्टार खिलाड़ी हैं। जडेजा वर्ल्ड कप टीम में शामिल थे, लेकिन उन्हें अधिक मैच खेलने का मौका नहीं मिला। सेमीफाइनल में जडेजा ने धुंआधार बल्लेबाजी की थी। विंडीज के बल्लेबाजों के लिए जडेजा की स्पिन गेंद परेशानी खड़ी कर सकती है।