भारतीय क्रिकेट के 'शुभ' युग का आगाज हो चुका है। इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त होने के बाद भारतीय टीम की नजर वेस्टइंडीज को घरेलू टेस्ट सीरीज में धूल चटाने पर है। अहमदाबाद में खेले गए पहले मुकाबले में पारी और 140 रन से जीत दर्ज करने के बाद मेजबान दिल्ली टेस्ट में भी जीत के करीब हैं। इस मैच की पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल ने अपने करियर के 10वें टेस्ट शतक से विपक्षियों के धागे खोल दिए। उन्होंने 129 रनों की नाबाद पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। दिलचस्प बात यह है कि 26 वर्षीय भारतीय कप्तान ने पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज और पूर्व टेस्ट कप्तान बाबर आजम को पीछे छोड़ दिया है। आइये विस्तार से चर्चा करते हैं...
बाबर से आगे निकले गिल
गिल ने अब पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को टेस्ट क्रिकेट में औसत और शतकों के मामले में पछाड़ दिया है। शुभमन गिल ने अब तक 39 टेस्ट मैचों में 2826 रन बनाए हैं। उनका औसत 43.47 है और उन्होंने 10 शतक व आठ अर्धशतक लगाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन है।
वहीं, बाबर आजम ने अब तक 59 टेस्ट मैचों में 4235 रन बनाए हैं। उनका औसत 42.77 है। उन्होंने नौ शतक और 29 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 196 रन रहा है। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान न केवल बाबर को औसत में पीछे छोड़ा है, बल्कि कम मैचों में अधिक शतक बनाकर अपनी निरंतरता और क्लास दोनों साबित की है।
WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक जड़ा। गिल ने इस मैच में कप्तानी पारी खेली जिससे भारत ने वेस्टंडीज के खिलाफ विशाल स्कोर खड़ा किया। गिल को कप्तान बने अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन जब से उन्हें ये जिम्मेदारी मिली है उनका बल्ला काफी आग उगल रहा है। गिल ने इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी शानदार प्रदर्शन किया था और अब वेस्टइंडीज के खिलाफ भी चमक बिखेरने में सफल रहे।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में भारतीय बल्लेबाजों का जलवा लगातार जारी है। इस सूची में अब युवा कप्तान शुभमन गिल ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। गिल ने डब्ल्यूटीसी में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बनकर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। गिल 10 टेस्ट शतकों के साथ सबसे आगे हैं। उनके बाद कप्तान रोहित शर्मा नौ शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, युवा सनसनी यशस्वी जायसवाल ने केवल कुछ ही मैचों में सात शतक ठोके हैं और तीसरे स्थान पर हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत छह शतकों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक शतक लगाने वाले कप्तान
गिल इस कैलेंडर वर्ष में कप्तान के तौर पर पांच टेस्ट शतक लगा चुके हैं। गिल इसके साथ ही एक कैलेंडर वर्ष में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली है जिन्होंने कप्तान रहते दो बार एक कैलेंडर वर्ष में पांच टेस्ट शतक लगाए हैं। कोहली ने 2017 और 2018 में पांच टेस्ट शतक लगाए थे और उस समय वह कप्तान की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के मौजूदा चक्र में युवा कप्तान शुभमन गिल ने लगातार बेहतरीन पारियां खेलते हुए भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया है। गिल ने अब तक डब्ल्यूटीसी में 71 पारियों में 2826 रन बनाए हैं और शीर्ष पर काबिज हैं। उनके पीछे विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं, जिन्होंने 67 पारियों में 2731 रन बनाए हैं। टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 69 पारियों में 2716 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।